दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सड़क किनारे शराब ठेकों की पहचान खत्म करने के लिए अधिकारी हाईकोर्ट के फैसले लागू कराने में फेल हैं।
जीटी रोड के अलावा हाईवे के नजदीक शराब के ठेके सरेआम खुले हैं। शहर से गुजर रहे हाईवे पर बलड़ी बाइपास और नमस्ते चौक पर यही स्थिति बनी है।
दोनों ठेकों की लोकेशन दुर्घटनाओं को निमंत्रण दे रही है। मेरठ रोड चौक पर अफसराें ने इस स्थिति में बने ठेकों को बंद करवाकर सड़क से काफी दूर कर दिया है।
जिला एक्साइज व टेक्सेशन विभाग ने कुछ शराब के ठेकों को लाइसेंस जारी किए हैं और कुछ बंद करा दिए हैं। अफसर बताते हैं कि लोकेशन बदलने के बाद ही लाइसेंस रिन्यू किए हैं, जबकि हकीकत यह है कि पहले शराब के इन ठेकों के दरवाजे पहले सड़क पर थे।
अब पीठ सड़क पर की तरफ है। शाम ढलने के बाद इनका मुंह फिर सड़क की ओर हो जाता है। जानकार बताते हैं कि हाईकोर्ट के आदेशों के बाद हाईवे के किनार आईटीआई चौक और सेक्टर सात चौक पर बने शराब के ठेके बंद हो गए हैं।
लेकिन बलड़ी बाइपास और नमस्ते चौक के ठेकों का लाइसेंस रिन्यू किए जाने से यहां शराब बेची जा रही है। कहने को तो शराब के इन ठेकों की लोकेशन बदल दी गई है लेकिन हकीकत यह है कि लोकेशन केवल ठेकों के दरवाजों की बदली गई है। पहले इनके दरवाजे सड़क पर होते थे अब पीठ सड़क पर है। सड़क पर पानी की बोतले, साइन बोर्ड लगाकर नियमों को तोड़ रहे हैं।
याचिका पर सुनाया था फैसला
जिला एक्साइज व टेक्सेशन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सड़क किनारे शराब ठेके होने पर वाहन चालक का ध्यान भटकता है।
वह गाड़ी को तुरंत रोकने की कोशिश करता है, जिससे पीछे से आ रहे वाहन टकरा जाते हैं। इस तरह के प्वाइंटों का हवाला देकर सेस एराइज सोसाइटी इंडिया ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी।
जिस पर फैसला सुनाया गया था कि हाईवे और जीटी रोड पर ठेके दिखाई नहीं देने चाहिए। किसी प्रकार की कोई भी लोकेशन नहीं दे सकते। अधिकारी इन नियमों को बताते हैं, लेकिन अमल नहीं कर रहे।