माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। घरौंडा में जिन क्षेत्रों से दूषित पेयजल आपूर्ति की शिकायतें आ रही हैं, वहां पाइपलाइनों और कनेक्शनों की जांच की जाएगी। शनिवार को हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए।
विधानसभा अध्यक्ष घरौंडा के पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। कस्बे की भोला कॉलोनी, विग काॅलोनी और रामनगर के लोगों ने दूषित पेयजल आपूर्ति की शिकायत की। उन्होंने कहा कि इसके कारण लोग बीमार हो रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने करीब तीन घंटे तक लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके निपटारे के निर्देश दिए।
गांव फुरलक के लोगों ने सामुदायिक केंद्र का काम पूरा कराने, बलहेड़ा वासियों ने फिरनी पक्की कराने, गुर्जर चौपाल नई बनवाने और अधूरी पड़ी पाइपलाइन बिछवाने की मांग की। भरतपुर के लोगों ने गलियां पक्की कराने और अमृतपुर कला वासियों ने अंबेडकर भवन बनवाने की मांग की। एसडीएम राजेश सोनी, नगरपालिका चेयरमैन हैप्पी लक गुप्ता, मार्केट कमेटी के चेयरमैन चंद्रप्रकाश, बिजली बोर्ड के एसडीओ दीपक गर्ग, एसएचओ दीपक, भाजपा मंडल अध्यक्ष रोहित भंडारी, देवेंद्र शर्मा, सचिन राणा, नरेश कुमार आदि मौजूद रहे।