करनाल। संत शिरोमणि गुरु रविदास सभा की ओर से पिंगली में मंगलवार को संत गुरु रविदास मंदिर का निर्माण शुरू कराया गया। सभा के प्रधान ने निर्माण कार्य शुरू कराने के बाद कहा कि आगामी चार महीनों के अंदर निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। इस पर करीब 10 लाख रुपये से अधिक की लागत आने की संभावना है।
संत शिरोमणि गुरु रविदास सभा के प्रधान ओमप्रकाश के संयोजन में सभा से जुड़े पदाधिकारी और अनुयायी मंगलवार को पिंगली के मंदिर स्थल पर जुटे। यहां पर तैयारियां पहले से ही की जा रही थी। मंगलवार को मंदिर का निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। सभा के प्रधान ने बताया कि सबसे पहले फर्स्टफ्लोर तैयार किया जाएगा, इसके बाद मंदिर का शिखर तैयार होगा। मंदिर का निर्माण पूर्ण होने के बाद विधिवत तरीके से संत रविदास की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने बताया कि शुरुआती तौर पर लागत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई हैं, निर्माण कार्य की देखभाल सभा के पदाधिकारी करेंगे।