- पीडब्ल्यूडी ने 13 तक काम पूरा करने का रखा था लक्ष्य, लेकिन अब भी कई काम बाकी
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। 15 अगस्त के मौके पर नागरिक अस्पताल में आईसीयू और एचडीयू वार्ड का उद्घाटन होना था, लेकिन अंतिम समय पर यह कार्यक्रम टल गया। इसकी वजह काम का समय पर पूरा न होना बताया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अभी इसमें ऑक्सीजन प्लांट भी लगना है।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, 13 अगस्त तक निर्माण और साज-सज्जा का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन कई जरूरी कार्य लंबित रह गए, जिससे उद्घाटन संभव नहीं हो सका। मरीजों और उनके परिजनों को उम्मीद थी कि नई सुविधा शुरू होने से गंभीर रोगियों को जल्द बेहतर इलाज और आरामदायक माहौल मिलेगा, लेकिन अब उन्हें और इंतजार करना होगा। नए वार्ड के शुरू होने से यह दबाव कम होना था, लेकिन काम अधूरा रहने से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का इंतजार बढ़ गया है। नागरिक अस्पताल के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. दीपक गोयल ने बताया कि पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से काम तय समय पर पूरा नहीं किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री की ओर से भी अभी तक कोई पुष्टि पत्र नहीं आया था कि वे यहां उद्घाटन करने आएंगे या नहीं। फिलहाल काम जारी है, लेकिन पीडब्ल्यूडी विभाग की तरफ से यह भी स्पष्ट नहीं किया गया कि कब तक यह पूरा होगा।
उप-सिविल सर्जन व नोडल अधिकारी डॉ. रविंद्र संधू का कहना है कि काम पूरा नहीं हुआ है, लेकिन पीडब्ल्यूडी की ओर से जल्द काम पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के पास भी अभी कोई तय समय-सीमा नहीं है कि यह काम आखिर कब तक पूरा होगा।