लोन टेनिस कोर्ट बनाने के लिए लगाए पोल संवाद
करनाल। शहर के कर्ण स्टेडियम में तीन लॉन टेनिस कोर्ट का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। स्मार्ट सिटी की ओर से यह महत्वाकांक्षी परियोजना चलाई जा रही है। जनवरी तक कोर्ट बन जाने की संभावना है।
ये कोर्ट आधुनिक तकनीक और खेल मानकों के अनुसार विकसित किए जा रहे हैं। इनमें सतह, फेंसिंग और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इससे जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित हो सकेंगी। यह परियोजना शहर को खेल में आत्मनिर्भर बनाएगी। खिलाड़ियों को अब निजी अकादमियों में नहीं जाना पड़ेगा।
स्मार्ट सिटी के महानिदेशक रामफल ने बताया कि सभी निर्माण कार्य जनवरी तक पूरे हो जाएंगे। उन्होंने गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर दिया। जिला खेल अधिकारी सत्यवीर सिंह ने कहा कि इससे खिलाड़ियों की प्रतिभा निखरेगी। वे बड़े मंचों पर शहर व प्रदेश का नाम रोशन कर सकेंगे। यह पहल आने वाली पीढ़ियों को सीधा लाभ देगी।
24 करोड़ से किया जा रहा निर्माण
तीन कोर्ट बनने से अभ्यास के घंटे बढ़ेंगे और नए खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी। यह निर्माण करीब 24 करोड़ रुपये की समग्र विकास योजना का हिस्सा है। इस योजना में दो बहुउद्देशीय हॉल, स्टेज, क्लाइंबिंग वॉल और 90 बेड का हॉस्टल भी शामिल है।