माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने बुधवार को निगम अभियंताओं के साथ निर्माणाधीन विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। रेलवे रोड स्थित जिला पुस्तकालय में डिजिटल लाइब्रेरी भवन का कार्य धीमी गति से चल रहा था। मौके पर मजदूरों की संख्या में भी निर्धारित से आधी ही थी। इस पर उन्होंने एजेंसी प्रतिनिधियों को फटकार लगाई, साथ ही अधिकारियों को भी एजेंसी पर जुर्माना लगाने का आदेश दिया।
इसके बाद वे मीरा साहब सद्भावना चौक पर पहुंची, यहां फाउंटेन में टाइल लगाने का काम धीमा होने पर एजेंसी प्रतिनिधि पर नारजगी व्यक्त की। उन्होंने दो दिन में टाइल लगाने का काम पूरा करने के निर्देश दिए। उसके साथ बाउंडरी पर ग्रिल लगाने का कार्य भी शुरू कर दिया जाए।
निगमायुक्त ने कार्यकारी व सहायक अभियंताओं को सख्त निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों पर अपनी कड़ी निगरानी बनाकर रखें और कनिष्ठ अभियंता व साइट सुपरवाइजर से नियमित जानकारी लेते रहें। काम में देरी मिलने पर एजेंसी को तुरंत नोटिस जारी किया जाए। समय-समय पर निर्माण सामग्री की जांच भी की जाए। इस अवसर पर कार्यकारी अभियंता प्रियंका सैनी, मोनिका शर्मा और सहायक अभियंता मदन मोहन गर्ग व रमनदीप मौजूद रहे।
यह हैं दोनों परियोजना
- डिजिटल लाइब्रेरी : यहां मौजूदा भवन के ऊपर एक नई मंजिल का निर्माण भी किया जाएगा। इसके अतिरिक्त नए कंप्यूटर सिस्टम, इंटरनेट, टेबल, चेयर, स्टोर रूम, फर्श, फ्लोरिंग और लिफ्ट लगाने जैसे कार्य करवाए जाएंगे। इन सभी कार्यों पर करीब 2.98 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
- मीरा साहब सद्भावना चौक : चौक के नवीनीकरण कार्य में सिविल वर्क के तहत फाउंटेन टाईल, ग्रिल, ग्रेनाइट व पेंट इत्यादि कार्य करवाए जाने हैं, जिन पर करीब 38 लाख रुपये की राशि खर्च होगी। इसके बाद एक करोड़ रुपये से म्यूजिकल फाउंटेन लगाए जाएंगे।