करनाल। जिले में अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माणों के खिलाफ जिला नगर योजनाकार की टीम ने शुक्रवार को कार्रवाई की। पुलिस बल की मौजूदगी में तीन अवैध कॉलोनियों में तोड़फोड़ कर वहां किए गए निर्माण और बुनियादी ढांचे को ध्वस्त कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान प्रॉपर्टी डीलरों द्वारा बनाई गई सड़कों, सीवरेज नेटवर्क और अन्य निर्माणों को जेसीबी की मदद से तोड़ दिया गया। पूरी कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस की निगरानी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। पहली कार्रवाई बजीदा रोड स्थित करीब छह एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी में की गई। यहां प्रॉपर्टी डीलरों द्वारा बनाई गई सड़कें, सीवरेज लाइन और अन्य ढांचे को तोड़ दिया गया। इसके बाद दूसरी कार्रवाई घोघड़ी रोड पर फ्लाईओवर के नजदीक लगभग तीन एकड़ में काटी जा रही कॉलोनी में की गई, जहां करीब 10 फीट चौड़ी सड़क और सीवरेज नेटवर्क को ध्वस्त किया गया।
तीसरी कार्रवाई करनाल-मूनक रोड पर की गई, जहां लगभग 1.75 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रही अवैध कॉलोनी में बनाई गई पांच फीट चौड़ी सड़क और अन्य निर्माणों को तोड़ दिया गया।जिला नगर योजनाकार गुंजन वर्मा ने बताया कि जिले में अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माणों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। विभाग की ओर से समय-समय पर लोगों को जागरूक भी किया जाता है कि बिना लाइसेंस विकसित कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने से बचें।