करनाल। जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) की टीम ने बुधवार को फिर शहरी क्षेत्र में पनप रही चार अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने आठ निर्माणाधीन भवनों, शोरूम के साथ साथ 48 भवनों की डीपीसी और कई सड़कों को ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा तीन भवनों को सील भी किया है।
जिला नगर योजनाकार सतीश कुमार की अगुवाई में ड्यूटी मजिस्ट्रेट और भारी पुलिस बल के साथ टीम ने अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई शुरू की। पहली अवैध कॉलोनी जो पुलिस लाइन के सामने करीब ढाई एकड़ में बनाई जा रही थी, यहां जेसीबी की मदद से पांच निर्माणाधीन भवनों, सभी कच्ची सड़कों, सीवरेज नेटवर्क, चार बिजली के खंभों और चार भवनों की डीपीसी को ध्वस्त कर दिया गया।
दूसरी कॉलोनी नई पुलिस लाइन के सामने ही पेट्रोल पंप के पास करीब छह एकड़ जमीन पर काटी जा रही थी। यहां पर दो निर्माणाधीन शेड, एक शोरूम, 15 भवनों की डीपीसी व सभी सड़कों को तहस नहस कर दिया गया। तीसरी अवैध कॉलोनी जिला जेल के सामने करीब 6.5 एकड़ जमीन पर काटी जा रही थी।
यहां 10 भवनों की डीपीसी व सभी सड़कों को ध्वस्त कर दिया गया। चौथी अवैध कॉलोनी पश्चिमी जमुना कैनाल के पास एक एकड़ में काटी जा रही थी। यहां भी सभी सड़कों और 20 भवनों की डीपीसी को ध्वस्त कर दिया गया। डीटीपी ने चेतावनी दी कि बिना नियमित कॉलोनी में कोई भी प्लॉट या भवन न खरीदे, अन्यथा उसे ध्वस्त कर दिया जाएगा।