संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। डीआईटीएस के तहत लगे कंप्यूटर ऑपरेटरों ने सोमवार से स्थानीय व क्षेत्रीय मंत्रियों के आवास या कार्यालय पर जाकर मांगपत्र सौंपने का निर्णय लिया है। रविवार को लघु सचिवालय के सामने धरना स्थल पर बैठक कर यह निर्णय लिया।
प्रदेशभर के कंप्यूटर ऑपरेटर 15 दिन से लघु सचिवालय के सामने धरने पर बैठे हैं। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री प्रतिनिधि, जिले के सभी विधायकों व भाजपा जिलाध्यक्ष को मांगपत्र सौपे। सभी ने उनकी मांग प्रदेश सरकार के समक्ष रखने का आश्वासन दिया लेकिन अभी तक कंप्यूटर ऑपरेटरों के हक में न तो कोई निर्णय लिया है और न ही इस संदर्भ में सरकार की ओर से लिखित अधिसूचना ही जारी हुई है।
अब कर्मचारियों ने उनकी मुख्य मांगों के पूरा न होने तक आंदोलन जारी रखने का एलान किया है। कंप्यूटर ऑपरेटरों का कहना है कि वह अपनी मांगों को लेकर 15 से 20 वर्षो से आंदोलनरत है। उनकी मुख्य मांग जिला सूचना प्रौद्योगिकी सोसायटी (डीआईटीएस) का केंद्रीकरण कर कर्मचारियों का 58 वर्ष तक का रोजगार सुरक्षित करना है। जूनियर प्रोग्रामर कृष्ण कुमार ने बताया कि वह सरकार की महत्वपूर्ण सेवाओं को सुचारू रखने के लिए कार्य करते हैं। मौके पर जूनियर प्रोग्रामर विक्की हुडिया, अमरजीत, प्रदीप चौहान, कंप्यूटर ऑपरेटरों में सोमबीर, महादेव, अमन, प्रवीन कुमार, सलाहकार, सोनिया, अंजू व कविता मौजूद रही।