कोरोना के कारण कॉलेजों का वर्तमान सत्र काफी लेट है। वहीं नया सत्र भी तय समय से करीब चार माह बाद शुरू हो पाएगा। सामान्य दिनों में हर साल मई के अंत या जून की शुरुआत में कॉलेजों में यूजी के नए सत्र की दाखिला प्रक्रिया शुरू हो जाती थी, लेकिन इस बार ईवन यानी दूसरे, चौथे और अंतिम सेमेस्टर की पढ़ाई अभी तक पूरी नहीं हो पाई। अधिकारियों या कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के अनुमानित शेड्यूल की मानें तो जुलाई के अंत तक सेमेस्टर की पढ़ाई पूरी होगी। इसके बाद परीक्षाएं आयोजित करने में भी एक से डेढ़ माह तक का समय चाहिए। ऐसे में नये सत्र की दाखिला प्रक्रिया भी सितंबर में शुरू हो पाएगी। इसी तरह पीजी के नए दाखिले भी 15 अक्तूबर के बाद ही होने की संभावना है।
जिले के 14 कॉलेजों में पढ़ रहे करीब 90 हजार विद्यार्थियों की पढ़ाई कोरोना के कारण प्रभावित हुई है। काफी विद्यार्थी ऐसे हैं जिन्हें कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रोफेशनल कोर्स या प्रतियोगी परीक्षाएं और एसएससी जैसे भर्ती परीक्षाओं में हिस्सा लेना है। ऐसे में इन विद्यार्थियों को अब करियर की चिंता सताने लगी है। मेडिकल, सीए, सीएस और भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रही सोनाली, मिनाक्षी, प्रिंस और अमित ने बताया कि उन्हें अपने करियर की चिंता है। स्नातक की पढ़ाई के साथ ही वे आगे की तैयारी भी कर रहे हैं। ऐसे में यूजीसी कोई बीच का रास्ता निकाले, क्योंकि जिन दिनों में परीक्षाएं होने की संभावना है। उन दिनों में भर्ती परीक्षाएं व अन्य परीक्षाओं का भी शेड्यूल है।
यूजीसी के निर्देशों के आधार पर ही परीक्षाओं व पढ़ाई का निर्णय होगा। अभी कोई फाइनल निर्णय नहीं आया है कि परीक्षाएं कब और कैसे होंगी। कई तरह की दिक्कतें आ रही हैं। नया सत्र लेट होगा। हो सकता है वर्तमान हालात के कारण इससे अगला सत्र भी लेट हो। क्योंकि एक सेमेस्टर में पढ़ाई के लिए कम से कम तीन माह का समय चाहिए। -डॉ. रेखा शर्मा, जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी एवं प्रिंसिपल, गवर्नमेंट पीजी कॉलेज।
बॉक्स
यह है कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का शेड्यूल
यूजी के लिए-
-टीचिंग टर्म : 22 मार्च से 12 जुलाई 2021 तक
-परीक्षाएं : 13 जुलाई के बाद।
पीजी के लिए-
-टीचिंग टर्म : 27 मई से 14 सितंबर 2021 तक
-परीक्षाएं : 15 सितंबर से 14 अक्तूबर 2021 तक