संवाद न्यूज एजेंसी
चिड़ाव/जुंडला। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जुंडला का वीरवार को सिविल सर्जन डॉ. लोकवीर सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों व उनके साथ आए लोगों से स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में बातचीत की।
इसके बाद सीएमओ ने जुंडला के चिकित्सा अधिकारी डॉ. महेश मेहरा से बुखार व डेंगू के केस बारे भी जानकारी ली। साथ ही संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए सभी कर्मचारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। डॉ. महेश मेहरा ने सीएमओ को बताया कि पीएचसी व आसपास के क्षेत्र के सभी गांवों में फॉगिंग मशीन से स्प्रे करवा दिया गया है।
उन्होंने कहा कि डेंगू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने घरों के आस पास पानी एकत्रित न होने दें यदि कहीं पानी जमा दिखाई दे तो उसकी तुरंत सफाई करें। ताकि मच्छर पनपने ही न पाएं।