सेक्टर 32-33 के हुडा ग्राउंड में राज्यस्तरीय योग कार्यक्रम में करीब 12
हजार स्कूली बच्चे कार्यक्रम का हिस्सा बन गए। जैसे ही भारता का भजन शुरू
हुआ तो पूरा पंडाल झूम उठा। अनुलोम-विलोम और कपाल भाती के साथ साथ भ्रामरी
के साथ ओम के जाप से माहौल योगमय हो गया।
शिविर सत्ताधारी नेता और
अधिकारी ज्यादातर मौजूद रहे और सभी ने योगासन भी किए, लेकिन विपक्षी नेता
शिविर से गैरहाजिर दिखे। प्रदेशभर से योग साधकों का आवागमन सुबह 4 बजे से
ही शुरू हो गया था। सेक्टर 32-33 के हुडा ग्राउंड में पहुंचने के लिए लोगों
में उत्साह देखते ही बन रहा था।
योग स्थल पर जाम की स्थिति से बचने के लिए
सेक्टर-32-33 के ग्राउंड में 16 पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की गई थी।
खास बात यह रही कि इस राज्यस्तरीय योग शिविर में 3 वर्ष से लेकर 80 वर्ष तक
के हर आयु वर्ग के बच्चे, महिला व पुरुषों ने हिस्सा लिया। शिविर के दौरान
धूल भरी हवाएं चलने और हल्की बारिश होने के बावजूद योग साधकों ने योग
किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में नगर निगम, जिला पब्लिक रिलेशन विभाग सहित
तमाम प्रशासनिक विभागों के अधिकारियों ने योगदान दिया।
करीब 11 एकड़ के
मैदान में लगाए गए टेंट में जिस ओर भी नजर पड़ रही थी, वहीं पर साधक योग
में तल्लीन नजर आ रहा थे। पुलिस कर्मचारी व अधिकारी चप्पे-चप्पे पर तैनात
दिखाई दिए। गांव अरडाना से पहुंचे मनीष कुमार, तरावड़ी की कमलश देवी,
इंद्री के राजबीर सिंह ने बताया कि वे रोजाना घर में योग करते हैं, लेकिन
एक साथ इतने लोगों के साथ योग करके बड़ी खुशी हुई।
विपक्षियों ने बनाए रखी दूरी
बेशक
करनाल पूरे देश में इतने बड़े आयोजन के साथ इतिहास में अपना नाम दर्ज करा
गया, लेकिन जिले के इस पर्व में भाजपा के किसी भी विपक्षी दल ने सहयोग नहीं
दिया। इनेलो व कांग्रेस सहित हजकां के किसी भी दिग्गज नेता या जिला
अध्यक्ष ने इस कार्यक्रम में सम्मिलित होना लाजिमी नहीं समझा। इस योग
कार्यक्रम को भी राजनीतिक रूप दे दिया गया। इतना ही नहीं इनेलो व कांग्रेस
से जुड़े नगर निगम के पार्षदों ने भी इस राज्यस्तरीय योग कार्यक्रम में भाग
लेना जरूरी नहीं समझा।
योग समापन पर जीटी रोड जाम
अंतरराष्ट्रीय
योग दिवस पर करनाल में आयोजित योग महापर्व में सम्मलित होने आए हजारों
लोगों के एक साथ सीएम सिटी में पहुंचने के कारण सुबह के समय ही शहर में
सेक्टर 32-33 की सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई। शिविर के समापन पर जरूर
शहर में जगह-जगह पर जाम लगा। जीटी रोड पर इस दौरान जाम की स्थिति रही। करीब
दस बजे यातायात सुचारु हो सका।
1644 कैडेटों ने किया योगाभ्यास
करनाल।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 1644 एनसीसी कैडेट्स ने योगाभ्यास किया। सेंवथ
हरियाणा बटालियन एनसीसी करनाल के तत्वावधान में सेंट थेरेसा कान्वेंट
स्कूल, दयाल सिंह कॉलेज, गुरु नानक कॉलेज, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय
कतलेहड़ी, जवाहर नवोदय विद्यालय सग्गा, राजकीय पालीटेक्निक नीलोखेड़ी,
डीएवी पब्लिक स्कूल मधुबन और डीएवी कॉलेज पूंडरी सहित 30 शिक्षण संस्थानों
में शिविर लगाए गए। कैडेट्स में 1300 लड़के और 344 लड़कियां शामिल रहीं।
सुबह 7 से 7 बजकर 35 मिनट तक योग क्रियाओं का अभ्यास किया गया। इस दौरान
सेवेंथ हरियाणा बटालियन एनसीसी करनाल के कमांड अधिकारी कर्नल आरके हुड्डा,
प्रशासनिक अधिकारी कर्नल शैलेंद्र शर्मा, सूबेदार मेजर सुशील कुमार,
कार्यालय उपाधीक्षक शिव कुमार आर्य, एनसीसी अधिकारी प्रमोद शर्मा, रविंद्र
यादव, हीतेश गुप्ता, तेजपाल जांगड़ा, प्रवीन कौशिक, ऋचा शर्मा, केवल कृष्ण,
बृज भूषण, गुरविंद्र सिंह, अनिता जून, इंद्रजीत, सुरेश सैनी, प्रदीप राणा,
राजेश कुमार, राजपाल व महिंद्र कौशिक मौजूद रहे।