माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। स्वच्छता ही सेवा अभियान-2025 और राज्य स्तरीय सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत नई सोच-नया संकल्प थीम पर बुधवार को डॉ. मंगल सेन सभागार में राज्य स्तरीय स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अध्यक्षता मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे।
उनके साथ शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल भी मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर स्वच्छता मूल्यांकन हरियाणा-2025 की शुरुआत और सफाई मित्रों को सम्मानित किया जाएगा। इसमें प्रदेश के सभी नगर निगमों से 15-15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल शामिल होगा।
इसमें स्वच्छता मूल्यांकन हरियाणा-2025 की औपचारिक शुरुआत के साथ हरियाणा सॉलिड वेस्ट ट्रैकिंग एंड मैपिंग ऐप, ई-ऑक्शन ऑफ प्रॉपर्टीज और फंड डिस्बर्समेंट मैनेजमेंट सिस्टम जैसी नई डिजिटल सेवाओं का भी शुभारंभ किया जाएगा। प्रदेश के प्रत्येक जिले से चयनित 10-10 सफाई मित्रों को मुख्यमंत्री सम्मानित करेंगे। स्वच्छता पर आधारित लघु फिल्में और डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएंगी। सफाई मित्रों की भूमिका पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। सुबह 10 बजे कार्यक्रम की शुरुआत नगर निगम आयुक्त व सचिव के स्वागत भाषण से होगी, इसके बाद नागरिकों, विद्यार्थियों और सफाई मित्रों की ओर से स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी।