करनाल। मुख्यमंत्री मनोहर लाल शनिवार देर शाम करनाल पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय चौड़ा बाजार स्थित गुरुद्वारा मंजी साहिब में माथा टेका और आशीर्वाद लिया। यहां पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा के लिए अलग सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के गठन संबंधी सुप्रीम कोर्ट के निर्णय पर स्थानीय सिख समुदाय के लोगों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के लिए अलग गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का मामला लंबे समय से सुप्रीम कोर्ट में लंबित था। इस पर निर्णय के बाद अब हरियाणा के सभी 52 गुरुद्वारा साहिब हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की देखरेख में समाज सेवा के कार्य करेंगे। इस मौके पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार बलकार सिंह, सदस्य सरदार हरभजन सिंह, सरदार दर्शन सिंह, सरदार सुखवंत सिंह, हेड ग्रंथी सरदार अमृतपाल, सरदार इंद्रपाल, सरदार मनमीत सिंह बाबा, सरदार गुरबख्श सिंह लाडी व सरदार स्वर्ण सिंह आदि ने मुख्यमंत्री को सरोपा व तलवार भेंटकर सम्मानित किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने चौड़ा बाजार स्थित शिव मंदिर में माथा टेका तथा पूजा अर्चना की। उनके साथ घरौंडा के विधायक हरविंद्र कल्याण, मीडिया कोऑर्डिनेटर जगमोहन आनंद, मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि संजय बठला, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष बृज गुप्ता, उपायुक्त अनीश यादव, पुलिस अधीक्षक गंगाराम पुनिया मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल शनिवार की रात्रि को करनाल में ही विश्राम करेंगे। वह 25 सितंबर रविवार को अमर उजाला की ओर से रोहतक के राधाकृष्णन सभागार एमडीयू में होने वाले अमर उजाला मेधावी छात्र सम्मान समारोह में शामिल होंने जाएंगे।