करनाल लोकसभा क्षेत्र के करनाल-पानीपत जिले के 9 हजार युवाओं को लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस के साथ हेलमेट निशुल्क मिलेगा। हर सिर हेलमेट अभियान के तहत युवाओं के लिए सांसद संजय भाटिया ने ऐसी व्यवस्था की है। शुक्रवार को हर सिर हेलमेट कार्यक्रम की करनाल विधानसभा से सीएम मनोहर लाल ने शुरूआत की है। डॉ. मंगलसेन सभागार में हुए कार्यक्रम के दौरान 137 युवाओं को लर्निंग लाइसेंस के साथ हेलमेट वितरित किए गए। सांसद संजय भाटिया ने बताया कि अभियान के तहत स्कूल, कॉलेज व आईटीआई के 18 से 25 साल की आयु के युवाओं को लर्निंग लाईसेंस और हेलमेट दिया जाएगा।
मंच से मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का कार्यक्रम राजनीतिक विषय से अलग है, जिसका संबंध दीर्घकालिक परिणामों से है। ऐसे में हरियाणा में समाज सुधार से जुड़ा, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम, भविष्य के लिए जल बचाओ और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए स्वच्छता जैसे कार्यक्रम सफलतापूर्वक चल रहे हैं। हर सिर हेलमेट एक ऐसा कार्यक्रम है, जिसमें सोच बदलने का विषय निहित है अर्थात सड़क पर चलते जीवन को कैसे सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया कि देश में हर वर्ष बड़ी संख्या में दुर्घटनाएं होती हैं, इनमें प्रतिदिन 1300 दुर्घटनाएं बताई गई हैं, जिनमें बिना हेलमेट के ड्राइव करने वाले अधिकांश व्यक्तियों की मृत्यु हो जाती है। जहां तक हरियाणा की बात है, यहां साल में करीब साढे़ 4 हजार रोड एक्सीडेंट होते हैं, जिनमें प्रतिदिन 13 व्यक्ति असमय मौत का शिकार हो जाते हैं। अध्ययन बताते हैं कि सड़क पर चलते समय यदि व्यक्ति हेलमेट पहने तो एक्सीडेंट की सूरत में उसका 80 प्रतिशत बचाव संभव हो जाता है।
रेवेन्यू बढ़ाना नहीं, जान बचाना मकसद है : सीएम
सीएम ने कहा कि हेलमेट पहनने का अभ्यास प्रारम्भ से ही होना चाहिए, इसे मजबूरी ना समझें। हेलमेट के बिना चालान को लेकर उन्होंने कहा कि ऐसे चालान किसी सरकारी एजेंडा में नहीं आते, ना ही इससे कोई राजस्व में इजाफा होता है। बल्कि चालान का उद्देश्य वाहन चालक को जागरूक करने के साथ-साथ उसके जीवन को सुरक्षित बनाना है। उन्होंने कहा कि न केवल सड़क पर, बल्कि रोलर स्केटिंग जैसे खेल, भवन निर्माण तथा खनन जैसे कार्यों में भी हेलमेट की अनिवार्यता रहती है। यह एक ऐसा शस्त्र है, जिसका इस्तेमाल सबको करना चाहिए। इसे पहनने के लिए किसी प्रकार का संकोच ना करें।
पांच युवाओं को मंच पर बुलाया पहनाया हेलमेट, फिर सीएम ने खुद हेलमेट पहन लिया ग्रुप फोटो
हेलमेट वितरण कार्यक्रम मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सांकेतिक तौर पर 5 युवाओं को हेलमेट वितरित किए। इनमें राजकीय स्नातकोत्तर कॉलेज की छात्रा काजल वर्मा और निखिल, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की छात्रा आंचल, आरती व गौरव शामिल रहे। इसके बाद सीएम ने सभी युवाओं को हेलमेट पहनने को कहा और खुद भी हेलमेट पहन मंच से नीचे आ युवाओं के साथ ग्रुप फोटो खिंचवाया।
कल्पना चावला के चित्र का किया अनावरण
मुख्यमंत्री ने पहले डॉ. मंगलसेन सभागार की करीब 35 फुट उंची दीवार पर आंतरिक्ष वैज्ञानिक कल्पना चावला के चित्र का अनावरण किया। यह कार्य नगर निगम द्वारा करवाया गया। इससे पहले सीएम ने रूद्राक्ष का पौधा लगाकर स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया। वहीं कार्यक्रम में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ललित कला विभाग के अध्यक्ष डा. राम विरंजन ने मुख्यमंत्री को सड़क सुरक्षा का प्रतीक एक पेंटिंग भेंट की।
एक्टर सोनू सूद और सुनील ग्रोवर बोले, जिंदगी बचाने को हेलमेट जरूरी
हर सिर हेलमेट कार्यक्रम में चलाई गई जागरूकता वीडियो में एक्टर सोनू सूद व सुनील ग्रोवर ने भी करनाल के लोगों को अपना संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जिंदगी बचाने को हेलमेट जरूरी है। इस अवसर पर विधायक हरविन्द्र कल्याण, विधायक रामकुमार कश्यप, विधायक धर्मपाल गोंदर, मुख्यमंत्री के राजनैतिक सचिव एवं पूर्व मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, असंध के पूर्व विधायक बख्शीश सिंह विर्क, प्रदेश महामंत्री वेदपाल, जिलाध्यक्ष जगमोहन आनंद, मेयर रेणू बाला गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक सुखीजा, उपायुक्त निशांत कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक एस एस भोरिया, एडीसी अशोक बंसल व एसडीएम नरेन्द्र पाल मलिक मौजूद रहे।