संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। मानसून के समय या उससे पहले शहर में सीवरेज का ब्लॉक होना आम बात हो गया है। जिससे लोगों को परेशानी भी हो रही है लेकिन अब इस समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है। शुक्रवार को क्षेत्रीय विधायक एवं हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने शहर के सीवरेज सफाई के लिए जन स्वास्थ्य विभाग को नई सीवरेज सक्शन मशीन सौंपी है। रविवार को इसे हरी झंडी दिखाकर सीवरेज कार्य के लिए रवाना किया जाएगा।
सीवरेज की सफाई के लिए मंगाई गई इस मशीन पर 20 लाख रुपये की लागत खर्च आई है। इस मशीन से मानसून से पहले शहर के बड़े-बड़े नालों की सफाई की जाएगी। शहर में सीवरेज लाइन में रुकावट आने से शहर के लोगों को समस्या आती थी। हालांकि नगर पालिका कर्मचारी सीवरेज की सफाई करके समस्या का समाधान कर देते थे लेकिन फिर भी कई जगहों पर नालों में गंदगी जमी रह जाती थी।
इस कारण से यह नाले ओवरफ्लो होकर समस्या का कारण बनते थे। शहर के लोगों ने विधायक हरविंद्र कल्याण से शहर में सीवरेज क्लीनिंग गाड़ी की मांग की थी। विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण लोगों की इस मांग को गंभीरता से लिया और लोगो की डिमांड को पूरा कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार गाड़ी में करीब दो हजार लीटर गंदगी खींच लेने की क्षमता है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में इसका लोगो को बहुत लाभ होगा क्योंकि गाड़ी तुरंत पूरी सीवर लाइन को खोल देगी।