करनाल। सेक्टर 16 में 3 जनवरी की रात को सोन के कारीगर आदिक पाटिल से 1.240 किलोग्राम सोना और 10 लाख रुपये की नगदी की लूट में शामिल तीन आरोपियों को सीआईए वन की टीम शनिवार को अंबाला लेकर पहुंची। वारदात के बाद जहां-जहां आरोपी गए थे, पुलिस ने आरोपियों से निशानदेही करवाई। पुलिस आरोपियों से लूट की बकाया राशि, बाइक और एक स्कूटी बरामद करेगी। तीनों आरोपियों को तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद पुलिस पूरे मामले का खुलासा करेगी।
सीआईए एक प्रभारी संदीप मंढान ने बताया कि पुलिस ने आदिक पाटिल से लूट करने वाले मुख्य आरोपी जुंडाला गेट निवासी प्रिंस शर्मा, उसके सहकर्मी दिनेश, अंबाला नारायणगढ़ के रजपुरा गांव निवासी प्रवीन और अंबाला कैंट की सोनिया कालोनी निवासी प्रतीक को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने चारों से दो लाख रुपये की नकदी, 1.240 ग्राम सोना और वारदात में प्रयोग स्कूटी बरामद की थी। पुलिस की टीम रिमांड के दौरान तीनों आरोपियों को अंबाला लेकर गई है। जहां-जहां आरोपी गए हैं, वहां निशानदेही करवाई जा रही है। आरोपियों से वारदात में प्रयोग बाइक, स्कूटी और बकाया राशि बरामद करनी है। रिमांड पूरा होने पर पुलिस पूरी जानकारी साझा करेगी। अभी टीम आरोपियों को लेकर गई है। पुलिस ने वारदात में शामिल दिनेश को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया था। जबकि अन्य तीनों को तीन दिन के रिमांड पर लिया था।
पड़ोसी प्रिंस ने रची थी साजिश
3 जनवरी को सोने के कारीगर आदिक पाटिल से लूट की वारदात को अंजाम देने की साजिश मुख्य आरोपी और पाटिल के पड़ोस की दुकान पर काम करने वाले प्रिंस ने रची थी। इसके लिए उसने अपने पुर्तगाल में बैठे जीजा विजय से संपर्क किया। विजय ने ही उन्हें अंबाला के दो बदमाशों के नंबर उपलब्ध करवाए। इसके बाद चारों ने योजना के तहत 3 जनवरी की रात को वारदात को अंजाम दे दिया।
अदालत में आवेदन करके पीड़ित ले सकते हैं सोना और राशि
सीआईए एक प्रभारी संदीप मंढान ने बताया कि आरोपी लूट का सोना और राशि प्राप्त करने के लिए अदालत में सुपरदारी के लिए आवेदन कर सकता है। इसके बाद पुलिस को नोटिस मिलने के बाद अदालत के आदेश पर बरामदगी का माल मालिक को सुपुर्द कर दिया जाता है।