करनाल में सिंडिकेट बैंक में हुए फ्रॉड के मामले में शुक्रवार को भी चंडीगढ़ के क्षेत्रिय कार्यालय के मुख्य प्रबंधक एके धवन ने पूरी फाइलें खंगाल डालीं। अभी तक इस मामले में 80 लोग शिकायत कर चुके हैं।
उधर, पुलिस ने इस मामले की जांच का जिम्मा इकोनॉमिक सेल को सौंपा है। सिंडिकेट बैंक के क्लेक्शन एजेंट दीपक कथूरिया के खातों में सैकड़ों उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी होने के मामले में शिकायतकर्ताओं की संख्या बढ़ने के साथ अब तक 80 पहुंच गई है।
धोखाधड़ी की जानकारी उपभोक्ताओं को कथूरिया की मौत के बाद मिली। 40 लाख रुपये का गोलमाल होने का अनुमान है। इस मामले में जांच का काम जारी है। पुलिस बैंक के पूर्व प्रबंधक और दो कर्मियों समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर चुकी है।
उधर, बैंक के उच्चाधिकारी मामले को गंभीरता से लिए हुए हैं। जांच करने आए मुख्य प्रबंधक धवन के अनुसार रसीद के साथ क्लेम करने वाले उपभोक्ताओं का पैसा बैंक देगा लेकिन जांच का काम पूरा होने के बाद ही भुगतान किया जा सकता है। जिन लोगों के पास रसीद नहीं है। उन लोगों के लिए दिक्कत हो रही है। कानूनी तौर पर हर कोई चीज सबूत के आधार पर मान्य होती है।
इस मामले में भी सबूत की आवश्यकता है। दूसरी ओर बैंक के वरिष्ठ प्रबंधक सुरेश नारंग ने कहा कि इस मामले की तह तक पहुंचने के लिए और उपभोक्ताओं को लाभ देने के लिए दीपक कथूरिया एजेंट के तमाम खाताधारकों को इस संबंध में संदेश करवाया गया है। यह संदेश दूसरे एजेंटों के जरिए करवाया गया है। इसके बावजूद डाक से भी लोगों को सूचना भेजी गई है।
इसमें संदेश दिया गया है कि सभी उपभोक्ता बैंक पहुंचकर अपने खाते चेक करवाएं। सभी 355 खाताधारकों से ऐसा आग्रह किया गया है। उन लोगों का आग्रह है इसके बावजूद कोई उपभोक्ता बच गया हो तो वह बैंक पहुुंचकर अपनी शिकायत देकर खाता चेक करवाए।
पेट्रोल पंप से ट्रक चोरी
करनाल के इंद्री रोड स्थित सर्विस स्टेशन पर खड़े ट्रक को चोर चुरा ले गए। ट्रक चालक अगले दिन वापस आया तो सर्विस स्टेशन पर ट्रक को नहीं देख सूचना सदर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
सदर थाना प्रभारी गोरखपाल राणा ने बताया कि बुधवार रात ट्रक चालक डीजल पंप पर ट्र्रक खड़ा करने के बाद घर चला गया था। अगले दिन सुबह आया तो ट्रक वहां से गायब था। ट्रक मालिक सुभाष ने पुलिस को बताया कि चोर ट्रक को पंप से चुरा ले गए हैं।
शटर तोड़कर ले गए हजारों का सामान
करनाल में फूसगढ़ रोड स्थित राजीवपुरम की गली संख्या दो में स्थित इलेक्ट्रॉनिक सेंटर का शटर तोड़कर चोर दुकान में रखे 90 हजार रुपये के सामान पर हाथ साफ कर गए।
चोर नए सामान के साथ साथ दुकान में रखे औजार भी अपने साथ ले गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस व एफएसएल की टीम ने मुआयना किया। राजीवपुरम की गली संख्या दो में स्थित सेंटर से वीरवार रात चोरों ने रॉड से शटर तोड़कर वारदात को अंजाम दिया है।
दुकान मालिक राकेश ने बताया कि शुक्रवार की सुबह डेयरी वाले पड़ोसी ने फोन कर दुकान पर चोरी होने की सूचना दी थी। दुकान पर पहुंचकर देखा तो दो टीवी छोड़कर बाकी सारा सामान गायब था। राकेश ने बताया कि चोरों ने शटर तोड़कर दुकान से चार टीवी, दो फ्रिज, एक एलसीडी, दो वॉशिंग मशीन व होम थिएटर के अलावा दुकान में रखे औजारों को भी चुराकर ले गए।