फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Karnal News: पीछा कर कार पर की फायरिंग होटल में घुसकर बचाई जान

Sat, 01 Aug 2026 02:23 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, करनाल
विज्ञापन
असंध गाड़ी के टायर में लगी गोली। सवाद
विज्ञापन
करनाल। असंध क्षेत्र में वीरवार रात करीब 9:45 बजे जयसिंहपुरा गांव के पास स्कॉर्पियो सवार दो युवकों पर हमला किया गया। आरोप है कि कई गाड़ियों में सवार 10-12 लोगों ने उनकी गाड़ी का रास्ता रोककर हथियार लहराए और फायरिंग कर दी। एक गोली कार के पिछले टायर में और दूसरी अगले टायर के ऊपर फेंडर पर लगी। दोनों युवक किसी तरह कार को करनाल रोड स्थित एक होटल के परिसर में ले गए। वहां लोगों की मौजूदगी देखकर आरोपी फरार हो गए। प्रारंभिक जांच में हमले की वजह पुरानी रंजिश मानी जा रही है।
विज्ञापन

मामले में असंध थाना पुलिस ने चार नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ शस्त्र अधिनियम व अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घरौंडा निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी, जो वर्तमान में सीएचडी सिटी, करनाल में रहते हैं, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 30 जुलाई की शाम वह अपने दोस्त तरुण के साथ स्कॉर्पियो से अपनी बुआ के बेटे गुरताज को असंध स्थित उसके घर छोड़ने गए थे। रात करीब 9:45 बजे दोनों करनाल लौट रहे थे। उस समय तरुण गाड़ी चला रहा था और हरप्रीत आगे की सीट पर बैठे थे।
असंध से निकलते ही सफेद रंग की क्रेटा, काली थार, वॉक्सवैगन वेंटो तथा चार अन्य गाड़ियों में सवार लोगों ने उनका पीछा शुरू कर दिया। जयसिंहपुरा गांव के पास आरोपियों ने स्कॉर्पियो को ओवरटेक कर रोक लिया। शिकायत के अनुसार, ओवरटेक करने वाली गाड़ी करनाल निवासी अमृतपाल उर्फ हैप्पी खाहरा चला रहा था। उसके साथ जलमाना तथा वर्तमान में शिव कॉलोनी, करनाल निवासी गुलाब सिंह, पीछे की सीट पर अरड़ाना डेरा निवासी मनदीप बाजवा और असंध निवासी पाल विर्क बैठे थे।
विज्ञापन

आरोप है कि गाड़ी रुकवाने के बाद आरोपियों ने हथियार लहराए। मनदीप बाजवा ने हरप्रीत की ओर फायर किया, जिसकी गोली कार के अगले हिस्से में टायर के पास फेंडर पर लगी। हरप्रीत के अनुसार, तरुण ने तुरंत गाड़ी मोड़कर दौड़ा दी, लेकिन आरोपी लगातार पीछा करते रहे। कुछ दूरी पर पहुंचने पर आरोपियों ने पीछे से दूसरा फायर किया, जो कार के पिछले टायर में लगा। टायर फटने से कार अनियंत्रित हो गई, लेकिन किसी तरह उसे संभालते हुए दोनों करनाल रोड स्थित हवेली होटल के परिसर में पहुंच गए।

होटल में लोगों की मौजूदगी देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद पीड़ितों ने असंध थाना पुलिस को सूचना दी। असंध के डीएसपी गोरखपाल टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ितों से पूछताछ की।
डीएसपी गोरखपाल ने बताया कि हरप्रीत की शिकायत पर चार नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ शस्त्र अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

करनाल कोर्ट के बाहर भी हुई थी फायरिंग
दो अप्रैल 2025 को भी शिकायतकर्ता हरप्रीत उर्फ हैप्पी पर करनाल कोर्ट के बाहर फायरिंग हुई थी। वह घरौंडा थाने में दर्ज मारपीट के एक मामले में पेशी के लिए कोर्ट आए थे। पेशी के बाद वह अपने वकील गुरविंद्र के साथ कोर्ट के बाहर एक रेहड़ी पर चाट खा रहे थे। इसी दौरान बाइक पर आए दो युवकों ने उन पर कई राउंड फायर किए। इस हमले में हरप्रीत के पैर और पेट तथा वकील गुरविंद्र के पेट में गोली लगी थी। इस संबंध में सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया था। हरप्रीत का आरोप है कि अमृतपाल उर्फ हैप्पी खाहरा से उनकी पुरानी रंजिश है और उसी के चलते उन पर दोबारा हमला किया गया।

शिकायतकर्ता के खिलाफ भी दर्ज हैं कई मुकदमे
शिकायतकर्ता हरप्रीत उर्फ हैप्पी के खिलाफ भी पहले से कई प्राथमिकी दर्ज हैं। इनमें दो मामले घरौंडा थाना और दो सिविल लाइन थाना, करनाल में दर्ज हैं। इन मुकदमों में अपहरण, अवैध हथियार रखने, धोखाधड़ी और मारपीट जैसे आरोप शामिल हैं। इन मामलों में वह जेल भी जा चुका है, जबकि घरौंडा थाने के एक मामले में उसे अदालत से बरी किया जा चुका है।
विज्ञापन

असंध गाड़ी के टायर में लगी गोली। सवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें