इंद्री। इंद्री की अनाज मंडी में स्थित अटल श्रमिक किसान कैंटीन में गैस सिलिंडरों की कमी हो गई है। कैंटीन का संचालन कर रही स्वयं सहायता समूह की महिलाएं परेशान हैं। अब खाना मिट्टी के चूल्हों पर लकड़ी जलाकर बनाया जा रहा है। डाइट में चपाती बंद कर दी गई है। केवल सब्जी और चावल दिए जा रहे हैं।
हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के सौजन्य से संचालित यह कैंटीन मार्केट कमेटी इंद्री की ओर से चलाई जा रही है। स्वयं सहायता समूह संचालिका रजनी ने बताया कि पिछले कई दिनों से गैस सिलिंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे। इस कारण चाय, नाश्ता व भोजन बनाने में देरी हो रही है। अब खाना बनाने का काम मिट्टी के चूल्हों पर लकड़ी जलाकर किया जा रहा है। इससे खाना बनाने में समय अधिक लगता है।
उन्होंने बताया कि कैंटीन में डाइट 10 रुपये में दी जाती है। इसमें चार रोटी, चावल और दो सब्जियां दी जाती थीं। सिलिंडर की अनुपलब्धता के कारण फिलहाल डाइट में चावल के साथ केवल सब्जी ही दी जा रही है। चपाती पर कुछ समय के लिए रोक लगा दी गई है
मार्केट कमेटी इंद्री के चैयरमैन महिंद्र पंजोखरा ने बताया कि गैस सप्लाई की समस्या राज्य स्तर पर है और जल्द ही इसका समाधान किया जाएगा।