संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। निशान पब्लिक स्कूल की क्रिकेट अकादमी में आयोजित महिला क्रिकेट टूर्नामेंट के सातवें मैच में महाजन क्रिकेट अकादमी चंडीगढ़ और फ्यूचर स्टार क्रिकेट अकादमी कैथल के बीच मुकाबला हुआ।
यह लीग मैच चंडीगढ़ टीम ने 88 रन से जीत लिया। टीम की ओर से प्रिया कुमारी ने 7.2 ओवर में 39 रन देकर चार महत्वपूर्ण विकेट झटके। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया।
बल्लेबाजी में महाजन अकादमी की टीम की ओर से श्रेया महाजन ने 121 गेंदों पर 11 चौकों और एक छक्के की मदद से सर्वाधिक 124 बनाए। इस मैच में चंडीगढ़ की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 40 ओवर में पांच विकेट खोकर 255 रन बनाए। जवाब में कैथल की टीम 34.2 ओवर में 167 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
इससे पहले भी महाजन क्रिकेट अकादमी की टीम दो मैच जीत चुकी है। यह टीम अपने पूल में स्थान बनाए हुए हैं। हालांकि इस मैच में कैथल टीम की ओर से रितिका शर्मा ने 105 गेंदों में शतक लगाया। टूर्नामेंट के आयोजक सुमित नरवाल ने बताया कि रविवार को आठवां मैच करनाल की क्रिकेट अकादमी ऑफ नरवाल और कैथल की फ्यूचर स्टार क्रिकेट अकादमी के बीच खेला जाना है। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट का सेमीफाइनल मुकाबले 30 मार्च और फाइनल मुकाबला 31 मार्च को होना है।