करनाल। यातायात एवं हाईवे पुलिस की ओर से हाईवे पर सही लेन में वाहन न चलाने वालों पर कार्रवाई की गई। शुक्रवार को भी नेशनल हाईवे पर सही लेन में वाहन न चलने पर 7064 वाहनों के चालान किए गए। वहीं 12 से 31 मार्च तक लेन ड्राइविंग को लेकर सभी जिलों में विशेष रूप से अभियान चलाकर कार्रवाई होगी।
ट्रैफिक एंड हाईवे आईजी डॉ. राजश्री सिंह और एसपी राजेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि हाईवे पर सभी जिलों के थाना प्रबंधकों की मदद से ये कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान चालकों को यातायात के नियमों और अपनी लेन में चलने के बारे में जागरूक किया गया। उनको बताया गया कि सही लेन का चुनाव करें और उचित सिग्नल देकर लेन बदलें। भारी वाहन सड़क के मध्य, दोपहिया व तिपहिया वाहन बायीं व हल्के मोटर वाहन सड़क की दाहिनी लेन में चलें। अपनी लेन बदलने से पहले और ओवरटेक करते समय इंडीकेटर का प्रयोग करें। इसके अतिरिक्त दिल्ली, चंडीगढ, हैदराबाद, एसएएस नगर पंजाब, नोयडा, लखनऊ, राजस्थान, सोनीपत व पानीपत के ट्रक यूनियन के पदाधिकारियों को सही लेन में वाहन चलाने के निर्देश के संबंध में पत्र भी लिखा गया है।
शुक्रवार को पूरे हरियाणा में सभी पुलिस आयुक्तों/अधीक्षकों के साथ पत्राचार किया गया कि वे अपने क्षेत्र में 12 मार्च से 31 मार्च तक लेन ड्राईविंग के बारे में विशेष अभियान चलाएं। इसके अतिरिक्त चैंकिंग के दौरान वाहन चालकों को सड़क दुर्घटना होने पर डायल 112 पर फोन करने बारे भी जागरूक करें। उनको बताएं कि इस नंबर पर फोन करने पर तुरंत प्राथमिक सहायता प्रदान की जाएगी व हरियाणा में बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं व उनमें होने वाली मौतों को भी कम किया जा सकेगा। ब्यूरो