पीडब्लूडी रेस्ट हाउस में अधिकारियों की बैठक लेती हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग की चेयरपर्सन बंतो
करनाल। बिजली निगम के निलंबित एसई गीतू राम तंवर की मौत के तीसरे दिन बुधवार को हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग की चेयरपर्सन बंतो कटारिया उनके घर पहुंचीं। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और शोक जताया। कटारिया ने प्रशासनिक अधिकारियों से गीतू तंवर की मौत के पूरे घटनाक्रम की जानकारी भी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस मामले में कागजी कार्रवाई में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। कटारिया ने गीतू के परिजनों को आश्वासन दिया कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि गीतू राम तंवर उनके समाज से थे। वे उन्हें छोटे भाई के समान मानती थीं। इस मौके पर मेयर रेणु बाला गुप्ता, अतिरिक्त उपायुक्त राहुल रईया और डीएसपी मीना भी मौजूद थीं। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। आईपीएस रविंद्र और डीएसपी मीना ने सेक्टर नौ पुलिस चौकी से एफआईआर तलब की है।
आरोपियों को तलब करेगी पुलिस
पुलिस अब सभी 14 नामजद आरोपियों को नोटिस भेजकर तलब करेगी। उनके बयान रिकॉर्ड किए जाएंगे। इसके बाद गीतू तंवर के सुसाइड नोट और उनकी पत्नी की शिकायत के आरोपों पर अधिकारियों से पूछताछ होगी। पुलिस ने कहा कि इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार सुबह 8 बजे सेक्टर नौ में घर से कुछ दूरी पर गीतू तंवर का शव उनकी कार में मिला था। उनकी पत्नी प्रीति की शिकायत पर पुलिस ने 14 लोगों को नामजद किया है। इनमें उत्तर हरियाणा बिजली निगम के एमडी आईएएस विक्रम सिंह भी शामिल हैं। अन्य नामजद आरोपियों में एक्सईएन रणबीर देशवाल, एक्सईएन अश्वनी कौशिक, एसडीओ सतीश गोयत, एसडीओ प्रदीप कुमार, एसई मनिंद्र सिंह, अवर सचिव मोहित भटनागर, एक्सईएन राज सिंह, एसडीओ आशीष महल, एसडीओ रुपेश हैं। नवीन दलाल, ओमबीर धनखड़, टोनू कोहाड़ और हरियाणा भाईचारा मीडिया को भी नामजद किया गया है