करनाल। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ओर से 26 और 27 जुलाई को आयोजित की जाने वाली सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) के लिए पुलिस लाइन में शटल बस सर्विस स्टैंड बनेगा। करनाल में परीक्षा देने के लिए जींद से आने वाली सभी बसें यहीं पहुंचेंगी और परीक्षा के बाद यहीं से वापसी होगी। यहीं से अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पहुंचाने के लिए शटल बसें चलेंगी, जो परीक्षा के बाद वापस भी यहीं छोड़ेंगी। प्रशासन की बैठक में यह तय किया गया।
जिला प्रशासन ने नई पुलिस लाइन को परीक्षा के दौरान अस्थायी तौर पर शटल बस सर्विस स्टैंड बनाने का निर्णय लिया है। पुलिस लाइन में ऑटो व ई-रिक्शा की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इसके अलावा पेपर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए रिजर्व गाड़ियां रहेंगी। यदि रास्ते में कोई गाड़ी खराब हो जाती है तो तत्काल दूसरी गाड़ी भेजकर पेपर को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा और इसकी वीडियोग्राफी भी होगी। किसी भी अधिकारी, कर्मचारी, स्टाफ सदस्य और सेंटर सुपरिटेंडेंट को परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल लेकर जाने की अनुमति नहीं है। ड्यूटी दे रहे कर्मचारी की एंट्री बिना आईकार्ड के नहीं होगी। परीक्षा के दौरान कोचिंग सेंटर व फोटो स्टेट की दुकानें पूरी तरह से बंद रहेंगी।
छोटी-छोटी तैयारियों पर भी रखें नजर
आयोग के सदस्य कपिल अत्रेजा ने कहा कि सभी केंद्रों पर सही से सीसीटीवी लगाना सुनिश्चित करें। बैठने, जेनरेटर, पीने के पानी और टॉयलेट की व्यवस्था सही होनी चाहिए। उन्होंने सभी को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से परीक्षा करवाने का आह्वान किया।
परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक लेकर आने और अन्य जिलों में भेजने के लिए ट्रांसपोर्ट प्लान, पेपर को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने का ट्रांसपोर्ट प्लान व परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं व अन्य तैयारियों को लेकर बैठक की है। एडीसी सोनू भट्ट व हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सदस्य कपिल अत्रेजा और एसपी गंगाराम पूनिया ने भी व्यवस्था संबंधित निर्णय लिए। - उत्तम सिंह, उपायुक्त