- प्रदेश के कॉलेजों में हुए 1.31 लाख दाखिलों में 86 हजार विद्यार्थियों ने हरियाणा बोर्ड व 39 हजार ने सीबीएसई से की थी 12वीं पास
- कॉलेजों में अभी भी 25 प्रतिशत तक सीटें रिक्त
गगन तलवार
करनाल। कक्षा 12वीं की पढ़ाई हरियाणा बोर्ड व सीबीएसई से करने वाले विद्यार्थियों की आगामी पढ़ाई को लेकर भी योजना अलग-अलग है। सीबीएसई स्कूलों से पढ़े ज्यादातर विद्यार्थी स्नातक की पढ़ाई के लिए विश्वविद्यालयों व महानगरों के कॉलेजों का रुख करते हैं। जबकि हरियाणा बोर्ड से पढ़े ज्यादातर विद्यार्थियों ने प्रदेश के कॉलेजों में दाखिला लिया है। ऐसा हम नहीं उच्चतर शिक्षा निदेशालय के स्नातक में हुए दाखिलों के आंकड़े बता रहे हैं।
प्रदेश में इस सत्र में स्नातक की दाखिला प्रक्रिया 345 कॉलेजों में चली। जहां पर अब तक 131557 विद्यार्थियों का दाखिला हुआ है। इनमें 86483 विद्यार्थियों ने 12वीं कक्षा की पढ़ाई हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड और 39425 विद्यार्थी सीबीएसई स्कूल से पढ़े हैं। इसके अलावा 5651 विद्यार्थी अन्य बोर्ड से 12वीं की पढ़ाई करके आए हैं।
शिक्षाविदों के अनुसार, हरियाणा बोर्ड से भी 12वीं कक्षा में अव्वल रहने वाले ज्यादातर विद्यार्थी विश्वविद्यालयों में जाते हैं। विश्वविद्यालयों या कॉलेजों में दाखिला प्रवेश परीक्षा या 12वीं के परीक्षा परिणाम पर बनी मेरिट लिस्ट के आधार पर होता है। दूसरा विद्यार्थी की अपनी भी इच्छा रहती है, जिसके अनुसार एडवांस में कई विद्यार्थी तैयारी करते हैं।
सेवानिवृत्त प्रिंसिपल डॉ. रामजी लाल का कहना है कि विद्यार्थी का दाखिला उसकी पारिवारिक आर्थिक स्थिति, 12वीं के अंक व कोर्स पर भी निर्भर करता है। कॉलेजों में दाखिला प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है।
आवेदनों से 39 हजार दाखिले अभी भी कम
कॉलेजों में दाखिले के लिए प्रदेश भर से 183001 पंजीकरण हुए। इनमें 170924 विद्यार्थियों ने दाखिला फार्म भरा। जबकि 131557 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है यानी 39 हजार के करीब दाखिले कम हैं। वहीं अब तक हुए दाखिलों में 104173 विद्यार्थियों के आवेदन फार्म सत्यापित हुए व 66751 आवेदनों का सत्यापन होना शेष है। जारी रिकॉर्ड के अनुसार, 11379 विद्यार्थी ऐसे भी हैं, जो हरियाणा से बाहर के रहने वाले हैं।
किस बोर्ड के कितने विद्यार्थी
सीबीएसई : 39425
एचबीएसई : 86483
अन्य बोर्ड : 5651
-
दाखिला लेने में लड़कियां आगे
लड़कियां : 74013
लड़के : 57542
थर्ड जेंडर : 03
टॉप-06 कोर्स में बीए में सर्वाधिक दाखिले
कोर्स दाखिले
बीए 72675
बीकॉम 19721
फिजिकल साइंस 10600
बीसीए 7709
लाइफ साइंस 6238
बीबीए 3902