माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 10वीं और 12वीं का सत्र 2022-23 का सिलेबस जारी कर दिया है। हालांकि पाठ्यक्रम को दो भागों में विभाजित नहीं किया गया है, ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि अगले वर्ष बोर्ड की तरफ से परीक्षाएं दो टर्म में नहीं आयोजित की जाएंगी। जिस तरीके से सिलेबस जारी किया गया है, उसके अनुसार एकल परीक्षा पद्धति की संभावना जताई जा रही है। सीबीएसई 10वीं और 12वीं में इस सत्र में दाखिला लेने वाले विद्यार्थी ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर सिलेबस डाउनलोड कर उसी हिसाब से तैयारी कर सकते हैं। सीबीएसई एकेडमिक डॉट निक डॉट इन पर सिलेबस डाउनलोड करने का स्टेप्स दिया गया है।
प्री-कोविड स्तर पर रखा गया है पाठ्यक्रम
पिछले दो साल से 30 प्रतिशत की कटौती की गई थी, लेकिन अब सिलेबस को प्री-कोविड स्तर पर ही रखा गया है। प्रैक्टिकल वाले विषयों जैसे फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी, जियोग्राफी, साइकोलॉजी का वार्षिक पेपर 70 अंकों का होगा। वहीं, 30 अंक का प्रैक्टिकल होगा। भाषाओं के पेपर 80 अंक के होंगे और 20 अंक का इंटरनल असेसमेंट होगा।
कोरोना की वजह से दो टर्म में आयोजित हुई परीक्षा
कोरोना के चलते प्रभावित हुए शैक्षणिक सत्र की वजह से बोर्ड की तरफ से 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं को इस बार दो टर्म में आयोजित किया जा रहा है। पहले टर्म की परीक्षा नवंबर-दिसंबर 2021 में आयोजित की गई थी, जबकि दूसरे टर्म की परीक्षा 26 अप्रैल से शुरू होनी है।
सीबीएसई की ओर से अगले शैक्षणिक वर्ष 2022-23 के लिए सिलेबस जारी कर दिया गया है। इसके लिए सीबीएसई द्वारा सर्कुलर भी जारी किया गया है। सिलेबस को प्री-कोविड स्तर पर ही रखा गया है। आगामी सत्र में परीक्षाएं भी एकल परीक्षा पद्धति के आधार पर हो सकती हैं। - डॉ. राजन लांबा, अध्यक्ष, सहोदय स्कूल कॉंप्लेक्स