संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। सीबीएसई की कक्षा 12वीं के प्राइवेट विद्यार्थियों की प्रायोगिक परीक्षाएं सोमवार से शुरू होंगी जो 17 मार्च तक चलेंगी। जिले में करीब 200 निजी परीक्षार्थी इन परीक्षाओं में शामिल होंगे। जिन 26 परीक्षा केंद्रों पर पहले थ्योरी परीक्षाएं कराई गई थीं, उन्हीं केंद्रों पर अब प्रायोगिक परीक्षाएं भी ली जाएंगी।
जिला अधिकारियों की ओर से पूर्व निर्धारित व्यवस्थाओं के अनुसार लैब, रिकॉर्ड और परीक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई हैं, ताकि प्राइवेट विद्यार्थियों को नियमित छात्रों जैसी ही परीक्षा सुविधा मिल सके। जिन विषयों में प्रायोगिक घटक नहीं है, उनमें प्रोजेक्ट वर्क या आंतरिक मूल्यांकन आयोजित नहीं होगा। ऐसे मामलों में इंटरनल असेसमेंट के अंक थ्योरी परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर अनुपातिक रूप से जोड़े जाएंगे। इससे मूल्यांकन प्रक्रिया सरल और एकरूप रहेगी।
आंतरिक परीक्षक अनिवार्य
संबंधित विद्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक विषय के लिए आंतरिक परीक्षक उपलब्ध हो। यदि किसी केंद्र पर संबंधित विषय का शिक्षक नहीं है, तो आसपास के विद्यालयों से शिक्षकों की नियुक्ति क्षेत्रीय कार्यालय की सहायता से की जाएगी। प्रायोगिक परीक्षा के संचालन के लिए उत्तर पुस्तिकाओं का ही उपयोग किया जाएगा। परीक्षकों को सभी विवरण सावधानीपूर्वक भरने और रिकॉर्ड सही रखने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा समाप्त होने के बाद संबंधित केंद्रों को छात्रों के अंक ऑनलाइन अपलोड करने होंगे।
पुराने विद्यार्थियों को दोबारा मौका
वर्ष 2025 और 2024 में अनुपस्थिति या अन्य कारणों से जिनके अंक उपलब्ध नहीं हो पाए थे, उन्हें सत्र 2026-27 में दोबारा परीक्षा देने की अनुमति दी गई है। इसके अलावा 2023 या उससे पहले निजी श्रेणी में सभी विषयों के साथ आवेदन करने वाले विद्यार्थी भी अपने संबंधित प्रायोगिक विषयों की परीक्षा दे सकेंगे।
वर्जन-
प्रायोगिक परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों को थ्योरी के लिए निर्धारित परीक्षा 26 केंद्र इसलिए बनाए गए ताकि एक जगह भीड़ न हो और पारदर्शिता के साथ विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हों। परीक्षार्थियों को पिछली परीक्षा की मार्कशीट, वर्ष 2026 का प्रवेशपत्र साथ लेकर आना अनिवार्य होगा।
- डॉ. राजन लांबा, जिला नोडल अधिकारी