ई-दिशा केंद्र का टोकन सिस्टम शुक्रवार को लोगों की भीड़ के सामने धराशाही हो गया। टोकन नंबर देने के बाद भी ई-दिशा केंद्र के कर्मचारी व्यवस्थित ढंग से लोगों का काम नहीं कर सके। इससे ड्राइविंग लाइसेंस व वाहन पंजीकरण काउंटरों पर चेकिंग के बाद फाइल मिक्स हो गई।
जिससे कैश काउंटरों पर टोकन सिस्टम फेल हो गया। जिससे कर्मचारियों ने टोकन नंबर की बजाय फाइल नेम के हिसाब से रसीद काटनी शुरू कर दी। जिससे सुबह से लाइनों खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे लोग भड़क गए। लोगों ने काउंटरों पर जमकर हंगामा किया।
शुक्रवार को वाहन पंजीकरण व ड्राइविंग लाइसेंस की फाइल जमा करवाने के लिए ई-दिशा केंद्र पहुंचे लोगों को पहले तो टोकन नंबर लेने के लिए लाइनों में लगना पड़ा। इसके घंटों बाद जब उनका नंबर आया तो कर्मचारियों की आनाकानी के चलते उनकी फाइलें मिक्स हो गई। जिससे कर्मचारियों ने टोकन नंबर के अनुसार फाइल लेने के बजाय पहले आओ पहले पाओ की नीति के तहत रसीद काटनी शुरू कर दी। जिससे पहले से टोकन लेकर बैठे लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
कर्मचारियों ने हालात को बिगड़ते देख काउंटर बंद कर लंच टाइम घोषित कर दिया। इसके बाद आक्रोशित लोग अपनी शिकायत लेकर एसडीएम के पास पहुंचे। लेकिन एसडीएम कार्यालय में न होने पर लोगों ने सुपरिंटेंडेंट कार्यालय की तरफ रुख किया। लेकिन वहां भी उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। ई-दिशा केंद्र कर्मियों ने फिर लंच टाइम के बाद नई फाइल लेने से इंकार कर दिया तथा लंच टाइम से पहले की जमा हुई फाइलों की रसीद काटी। इससे दोपहर बाद फाइल जमा करवाने आए लोगों को बिना फाइल जमा करवाए ही लौटना पड़ा।