ऑक्सीजन की कालाबाजारी का एक मामला सामने आया है, जिसमें डीसी के आदेश पर कर्मी के खिलाफ सिटी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोप है कि कर्मचारी ने 2500 रुपये में ऑक्सीजन सिलिंडर एंबुलेंस चालक को दिया था और एंबुलेंस चालक ने इसकी शिकायत डीसी को की थी। इसके बाद डीसी ने घरौंडा एसडीएम को इस मामले की जांच करने के आदेश दिए थे।
जानकारी के अनुसार दीपक कुमार ने डीसी को शिकायत देते हुए आरोप लगाए थे कि पांच मई की रात करीब दस बजे एंबुलेंस में आक्सीजन गैस सिलिंडर लेने के लिए एजेंसी पर गया, जहां नवीन नामक कर्मी ने उनसे प्रति सिलिंडर 2500 रुपये देने को कहा। इमरजेंसी होने के कारण उसने तीन सिलिंडर ऑक्सीजन के भरवाए, जिसके उसने 7500 रुपये दिये। यह रेट तय रेट से काफी ज्यादा था। यह शिकायत मिलने पर डीसी ने तुरंत एसडीएम घरौंडा को निर्देश दिए कि इस मामले की जांच कर कार्रवाई की जाए। सेक्टर चार पुलिस चौकी इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि जिला उपायुक्त व घरौंडा एसडीएम के आदेश पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। -संवाद