शाहाबाद के कलसाना गांव निवासी कारपेंटर मोहन की हत्या अवैध संबंधों के कारण हुई। यह खुलासा किसी और ने नहीं, बल्कि स्वयं प्रेमिका ने किया है। उसने बताया कि जब मोहन उससे मिलने आया था तो भाई ने देख लिया था। इसके बाद ही हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है। महिला की ओर से मृतक के भाई को किये गये फोन काल के बाद अब पुलिस प्रेमिका तक पहुंचने में जुटी है।
शुक्रवार इंद्री लाडवा रोड पर अंधगढ़ के जंगल में एक कारपेंटर का शव मिला था। शव की पहचान शाहाबाद के कलसाना गांव के रहने वाले 30 वर्षीय मोहन के रूप में हुई थी। परिजनों के अनुसार मोहन कुरुक्षेत्र में ठेकेदार के पास कारपेंटर का कार्य करता था। पुलिस ने मृतक मोहन के भाई सोहन की शिकायत पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। जांच में पुलिस को पता चला है कि वारदात की रात मृतक के भाई सोहन के मोबाइल पर अज्ञात फोन नंबर से कई दफा फोन आए थे। अगले दिन सुबह फिर अज्ञात नंबर से एक महिला का फोन आया। फोन करने वाली महिला ने सोहन को बताया कि रात मोहन मुझसे मिलने आया था। जब मोहन उस महिला के पास से जा रहा था तो भाई ने देख लिया। इसके बाद महिला के भाई और उसके दोस्तों ने पहले तो मोहन की पिटाई की और फिर उसके बाद उसे चाकुओं से घायल कर जंगल में फेंक दिया। मामले में इंद्री थाना प्रबंधक सतपाल सिंह का कहना है कि ब्लाइंड मर्डर मामले में अहम सुराग हाथ लग हैं। पूरी टीम के साथ हर पहलू की जांच की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
मृतक का फोन भी नही मिला
वारदात की जगह पुलिस ने मोहन की बाइक और आईकार्ड बरामद किया था, जबकि उसका मोबाइल गायब था। आशंका जतायी जा रही थी कि आरोपी ही मोबाइल को अपने साथ ले गये हैं।
तीन वर्ष पूर्व हुई थी मोहन की शादी
तीन वर्ष पूर्व मोहन की शादी पुण्डरी जिला कैथल की रहने वाली सविता के साथ हुई थी। शादी के दो वर्ष बाद ही सविता की मृत्यु हो गई थी। मोहन का कोई बच्चा भी नहीं था। सूत्रों की मानें तो करीब सात माह पूर्व मोहन इंद्री के एक गांव की महिला के संपर्क में आया, जिसके बाद दोनों एक दूसरे से मिलने लगे। वारदात की रात भी मोहन इसी महिला से मिलने आया था।