संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड के सीएनजी पंप पर सोमवार की रात को गैस डलवाने के बाद पंप पर खड़े कार चालक को सिगरेट पीने से रोका तो वह तैश में आ गया। कार चालक ने गाड़ी से पिस्तौल निकालकर सेल्समैन रोहित पर फायरिंग कर दी। सतर्क सेल्समैन तो बच गया लेकिन उसके पीछे खड़े पानीपत के जलताड़ा निवासी कैंटर चालक खुर्शीद के पेट में गोली लगी। घटना के बाद कार चालक मौके से भाग गया।
घटनाक्रम सोमवार की रात करीब 12:30 बजे का है। सूचना पर घरौंडा थाना पुलिस, सीआईए और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने साक्ष्य जुटाए। सेल्समैन रोहित ने बताया कि रात को पंप पर स्विफ्ट कार सवार युवक ने दो सौ रुपये की गैस डलवाई थी। ऑनलाइन भुगतान किया था। इसके बाद वह पंप पर सिगरेट पीने लगा तो उन्होंने टोक दिया। इससे कार चालक गुस्से में आ गया। कार से पिस्तौल निकालकर ले आया और गोली चला दी। वह सामने से हट गए तो गोली पीछे खड़े कैंटर चालक खुर्शीद को लगी।
घरौंडा थाना के प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि पंप पर खड़े लोगों की मदद से पुलिसकर्मी चालक को घरौंडा अस्पताल लेकर गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। रात में तबियत और बिगड़ने पर चंडीगढ़ पीजीआई भेजा गया। आरोपी की तलाश जारी है। वारदात के सीसीटीवी फुटेज मिल गए हैं।
मंगलवार को खुर्शीद की चंडीगढ़ पीजीआई में सर्जरी हुई। फिलहाल वह खतरे से बाहर है। इधर, वारदात के एक दिन बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। घरौंडा थाना में केस दर्ज करने के बाद सीआईए सहित दो टीमें मामले की जांच में जुटी हैं लेकिन आरोपी कार चालक का कुछ पता नहीं चल पाया है।