करनाल। राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर बलड़ी बाईपास के नजदीक ट्रक और दो कारों की भिडंत होने से दो कारें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दो कारों में सवार पांच लोगों को हल्की चोटें आई हैं। हादसा उस समय हुआ जब एक कार सर्विस लेन की तरफ मुड़ी। कार सीधा ट्रक से टकरा गई। हादसे की सूचना के बाद सदर थाना पुलिस माैके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और कारों का कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शी अनिल, रोहित के अनुसार एक कार सवार चालक दिल्ली की तरफ से आ रहा था। उसने अपनी कार को सर्विस लेन की तरफ मोड़ने की कोशिश की। कार वहां पहले से खड़े ट्रक से टकरा गई। तेज रफ्तार के कारण कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और हाइवे के बीचो बीच आ गई। इसी दाैरान पीछे से आ रही दूसरी कार भी उससे टकरा गई। कार चालक पानीपत निवासी धनंजय शर्मा ने बताया कि वो अपनी माता और बेटी के साथ पिंजाैर जा रहे थे। हादसे का शिकार हुई कार के पीछे टक्कर लगने से उनकी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में उनकी माता और बेटी को भी चोट पहुंची हैं। इसके अलावा पहले से ट्रक में टकराई कार में चालक सहित तीन लोगों को चोटें आई हैं। पांचों घायलों को नजदीकी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। हादसे की सूचना के बाद डायल 112 और फिर सदर थाना की टीम माैके पर पहुंची। सदर थाना प्रभारी तरसेम चंद ने बताया कि हादसे में कई लोगों को चोट लगी है। क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। शिकायत के आधार पर मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।