संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। राष्ट्रीय राजमार्ग 44 जीटी रोड स्थित आईटीआई चौक फ्लाइओवर पर ट्रक ने कैंटर को टक्कर मार दी। इससे कैंटर पलट गया और सामान बिखर गया। इस दौरान जीटी रोड पर सर्विस लाइन पर जाम लग गया। इससे वाहन चालक परेशान रहे।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क के किनारे किया और जाम को खुलवाया। पुलिस ने बताया कि जीटी रोड पर सफेद पट्टी लगाने का कार्य किया जा रहा है। कैंटर में इसका सामान था और वह सड़क किनारे खड़ा था। इस दौरान पीछे से एक ट्रक आया और उस कैंटर से टकरा गया।
टक्कर से कैंटर पलट गया। इस दौरान जाम लग गया। वहीं दूसरी ओर एक टूरिस्ट बस भी डिवाइडर से टकरा गई। गनीमत रही कि सवारियों को कोई चोट नहीं लगी। सवारियों को दूसरी बस में बैठाया गया। बताया जा रहा है कि एक ट्रक को ओवरटेक करते समय यह हादसा हुआ है।