करनाल/तरावड़ी। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर नीलोखेड़ी के नजदीक वीरवार को खड़े ट्राॅले में कैंटर ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे कैंटर का कैबिन क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर लगने से कैंटर चालक पंजाब के अजनारा निवासी सन्नी की बीच में फंसने से दर्दनाक मौत हो गई। कैंटर के सहायक की हालत गंभीर है, जिसका नागरिक अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फंसे चालक को कैंटर का कैबिन काटकर बाहर निकाला।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए जाम की स्थिति भी बन गई। क्रेन व हाइड्रा की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया गया। नीलोखेड़ी थाना के जांच अधिकारी प्रवीन कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है। उन्होंने बताया कि कैंटर चालक नोएडा में चिकन सप्लाई करके पंजाब की तरफ लौट रहा था। सहायक विवेक ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुछ समझ ही नहीं आया।