घरौंडा। नई अनाज मंडी के पास ओवरब्रिज पर जा रहे कैंटर में अचानक आग लग गई। आनन-फानन चालक ने कूदकर जान बचाई। हादसे के दौरान हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड की गाड़ी बुलाकर आग पर काबू पाया। कैंटर को हटाने के बाद यातायात सुचारू हो पाया।
घटना सोमवार दोपहर करीब तीन बजे की है। चालक कैंटर में चावल की किनकी भरकर करनाल से पानीपत की ओर जा रहा था। जैसे ही घरौंडा की नई अनाज मंडी के सामने पहुंचा अचानक आग लग गई। आग की लपटें देख भीड़ जमा हो गई। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया मगर आग की लपटें तेज थी। बाद में लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। थाना प्रभारी दीपक कुमार का कहना है कि नई अनाज मंडी के सामने ओवर ब्रिज पर अचानक कैंटर में आग लगी। फायर ब्रिगेड की गाड़ी को बुलाकर आग पर काबू पा लिया गया। संवाद