माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। बस स्टैंड पर खड़ी राजकीय कॉलेज की छात्रा गांव बोहला खालसा निवासी सिमरन के पैर पर बस का अगला पहिया चढ़ गया। करीब 24 दिन बाद छात्रा के पैर की सर्जरी करके उसकी एक उंगली काटनी पड़ी। पैर के अलग-अलग हिस्सों में घाव है।
बेटी के अपंग होने के बाद परेशान पिता ने 24 दिन बाद आरोपी बस चालक के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है। थाना शहर पुलिस ने घटना के 24 दिन बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली है। गांव बोहला खालसा के रामफल ने बताया कि उनकी बेटी सिमरन राजकीय महाविद्यालय में पढ़ती है। 27 अक्तूबर को वह घर आने के लिए बस स्टैंड पर खड़ी थी। तभी बस चालक की लापरवाही के कारण बस का अगला पहिया उनकी बेटी के पैर पर चढ़ गया, हादसे के बाद चालक भाग गया। तभी लोगों ने बेटी को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां चार नवंबर तक उपचार चला। हालत बिगड़ने पर पीजीआई रोहतक रेफर किया गया, जहां से चंडीगढ़ रेफर कर दिया। वहां उसके पैर की एक उंगली काटी गई और पैर पर बड़ा घाव भी है। आरोप है कि चालक की लापरवाही के कारण उनकी बेटी अपंग हुई है। उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। जांच अधिकारी बलवान ने बताया कि शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। ब्यूरो