करनाल। शहर के सबसे व्यस्त माने जाने वाले आंबेडकर चौक पर वीरवार सुबह यूपी रोडवेज की एक बस ने कार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चौक पर जाम लग गया और वाहनों की कतारें लग गईं। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चौक से गुजर रही थी तभी पीछे से आ रही यूपी रोडवेज की बस ने उसे ओवरटेक कर मोड़ते समय टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार एक ओर मुड़ गई और कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। चूंकि आंबेडकर चौक शहर के प्रमुख मार्गों को जोड़ता है, इसलिए कुछ मिनटों में जाम की स्थिति बन गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चौक के आसपास ही सिविल लाइन थाना, महिला थाना और थाना सदर मौजूद हैं इसके बावजूद करीब 20 मिनट तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इस दौरान वाहन चालक स्वयं ट्रैफिक संभालने की कोशिश करते रहे। सिविल लाइन थाना प्रभारी रामलाल ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। मामले में किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं मिली है।