गांव नेवल में अपनी नानी के साथ दुकान से टॉफी लेकर आ रही छह वर्षीय बच्ची को रोडवेज बस ने कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बच्ची एसएस इंटरनेशनल स्कूल में पहली कक्षा में पढ़ती थी। बच्ची की मौत से उसकी मां सुमन, पिता सुशील और नानी कृष्णा का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने रोडवेज चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
तीन दिन पहले ही गांव धमकोर, टोहाना से बच्ची की नानी बच्ची से मिलने के लिए आई थी। रविवार शाम को बच्ची अपनी नानी के साथ गांव नेवल में दुकान पर टॉफी लेने के लिए गई थी। इसी दौरान जब वह नेवल से बडागांव रोड पर स्थित पेट्रोल पंप के पास अपनी घर की गली में जाने लगी तो पीछे से तेज गति से आ रही हरियाणा रोडवेज की यमुनानगर डिपो की बस ने टक्कर मार दी।
इससे बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल को इलाज के लिए अस्पताल के ट्रामा सेंटर में दाखिल करवाया। जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।