असंध। सालवन रोड पर डेरा फूला सिंह के समीप शनिवार शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार निजी बस परिचालक कर्मबीर शर्मा की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार अजय घायल हो गया। दोनों ड्यूटी समाप्त करने के बाद घर लौट रहे थे। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से भाग गया। रविवार को दिवाली के दिन पोस्टमार्टम करा पुलिस ने परिजनों को शव सौंपा। अजय को रोहतक रेफर कर दिया गया है।
गांव सालवन निवासी कर्मबीर शर्मा निजी बस में परिचालक के पद पर कार्यरत थे। शनिवार को छोटी दिवाली के दिन ड्यूटी पूरी करने के बाद वह अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव लौट रहे थे। जब वे सालवन रोड पर डेरा फूला सिंह के समीप पहुंचे तो पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कर्मबीर ने मौके पर दम तोड़ दिया, जबकि उनका साथी घायल हो गया।
दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। पुलिस और एंबुलेंस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि कर्मबीर को मृत घोषित कर दिया। थाना असंध के प्रभारी नसीब सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन व चालक की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।