असंध के गांव पाढ़ा और अन्य स्थानों पर वीरवार को हुई आगजनी की घटनाओं में गेहूं की 26 एकड़ फसल जल गई। आगजनी के बाद क्षेत्र के किसानों में दमकल विभाग के खिलाफ रोष है। किसानों का आरोप है कि यदि दमकल विभाग समय पर पहुंच जाता तो ये नुकसान कम हो सकता था। असंध की नई अनाज मंडी के पीछे असंध निवासी सुखा सिंह की जमीन है। वीरवार को गेहूं की खड़ी फसल में अचानक आग लग गई। इसी सूचना दमकल विभाग को दी गई। जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक किसान सुखा सिंह की 7 एकड़ फसल जल गई। पीड़ित किसान ने बताया कि उसके खेतों के ऊपर से बिजली की लाइन गुजरी हुई है। वीरवार को बिजली का तार अचानक टूटकर उसके खेतों में गिर गया। इस कारण उसकी गेहूं की फसल जल गई। किसान ने बताया कि उन्होंने दमकल विभाग को सूचना दे दी थी, लेकिन दमकल विभाग की गाड़ी बहुत देर से पहुंची। जब तक गाड़ी ने आग पर काबू पाया तब तक खून पसीने की कमाई के 7 एकड़ जल चुके थे।
किसानों ने खुद ही पाया आग पर काबू
असंध के अलावा क्षेत्र के पाढ़ा में अज्ञात कारणों से किसानों की 19 एकड़ गेहूं की खड़ी फसल जल गई। इस आगजनी का शिकार कई किसान तो ऐसे थे जिन्होंने ठेके पर जमीन लेकर गेहूं की फसल बोई हुई थी। आगजनी में किसान सुरजीत की 6 एकड़, किसान जयसिंह की 5 एकड़, किसान जोगिंदर व रामकिशन की 4 - 4 एकड़ आग की भेंट चढ़ गई। किसानों का आरोप है कि आगजनी की सूचना तुरंत दमकल को दे दी गई थी, इसके बावजूद गाड़ी समय पर नहीं पहुंची। जब तक दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची तब तक किसानों ने ट्रैक्टर और पानी से खुद ही उस पर काबू पाया, लेकिन वे 19 एकड़ गेहूं की फसल को आग की भेंट चढ़ने से नहीं रोक पाए।
दमकल विभाग के पास केवल एक गाड़ी
असंध ब्लॉक में 56 गांव आते हैं। इसमें हजारों की संख्या में किसान हैं। सभी किसान 6 महीने मेहनत कर अपनी फसल तैयार करते हैं, लेकिन जब यह पक कर तैयार होती है तो फसल आग की भेंट चढ़ जाती है। इस आगजनी को रोकने के लिए प्रशासन व दमकल विभाग के पास केवल एक ही गाड़ी है। फसल के हर सीजन में सैकड़ों एकड़ फसल आग की भेंट चढ़ जाती है। असंध ब्लॉक में दमकल विभाग में केवल एक गाड़ी होना क्षेत्र के किसानों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। किसानों का कहना है कि सरकार व प्रशासन को क्षेत्र के किसानों की चिंता नहीं है, इसलिए कई वर्षों से यहां दमकल विभाग की गाड़ी नहीं बढ़ाई गई।