करनाल। जिला नगर योजनाकार विभाग ने अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए बुधवार को दो अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया। यह कार्रवाई पुलिस बल और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में की गई। पहली कार्रवाई गांव सैदपुरा में मेहता फार्म के सामने विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी में की गई। करीब 1.5 एकड़ क्षेत्र में फैली इस कॉलोनी में विभाग ने एक निर्माणाधीन मकान, सीवरेज नेटवर्क और सभी कच्ची सड़कों को ध्वस्त कर दिया।
दूसरी कार्रवाई काछवा रोड स्थित गांव पुंडरक में की गई। लगभग 1.25 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही इस अवैध कॉलोनी में विभाग ने सभी डीपीसी और एक चारदीवारी को तोड़ दिया। डीटीपी गुंजन वर्मा ने बताया कि जिले में अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माणों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई भी लगातार की जा रही है।