बजट से व्यापार, ऑटो सेक्टर और आम आदमी को बड़ी राहत की उम्मीद
फोटो 61 से 64
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। हरियाणा का आगामी बजट जल्द पेश होने वाला है और इसे लेकर शहर के विभिन्न वर्गों में उत्सुकता बढ़ गई है। दुकानदारों, ऑटो कारोबारियों, व्यापारियों और आम लोगों को उम्मीद है कि सरकार महंगाई, बिजली दर, रोजगार और व्यापार को लेकर बड़ी घोषणाएँ कर सकती है।
दुकानदार प्रथम का कहना है कि छोटे व्यापारियों की सबसे बड़ी समस्या बढ़ती लागत और घटती बिक्री है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बजट में जीएसटी प्रक्रियाओं को सरल बनाने, बिजली-पानी के बिलों में राहत और बाजारों के विकास के लिए विशेष पैकेज की घोषणा की जाए। इससे खुदरा व्यापार को मजबूती मिलेगी और ग्राहकों की क्रय शक्ति बढ़ेगी।
ऑटो सेल्स कारोबारी भूपेंद्र ने बताया कि ऑटो सेक्टर इस समय मंदी से जूझ रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार वाहन खरीद पर टैक्स में छूट, इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड वाहनों पर सब्सिडी तथा आसान लोन योजनाओं का प्रावधान करे। इससे बिक्री बढ़ेगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। ऑटो उद्योग को प्रोत्साहन देने के लिए सरकार की नीतियाँ जरूरी हैं।
व्यापारी सिद्धार्थ ने कहा कि एमएसएमई और छोटे उद्योगों को मजबूत किए बिना राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत नहीं हो सकती। उन्होंने औद्योगिक प्लॉट सस्ते करने, बिजली दरों में कटौती, सुरक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार की मांग रखी। उद्योगों को राहत मिलने से रोजगार सृजन भी तेज होगा।
आम आदमी मोंटू ने उम्मीद जताई कि बजट में महंगाई कम करने, गैस, शिक्षा और स्वास्थ्य योजनाओं का दायरा बढ़ाने तथा युवाओं के लिए रोजगार और स्किल ट्रेनिंग की नई योजनाएँ लाई जाएं। उनका कहना है कि बजट का सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ना चाहिए।