संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कर्ण नगरी के तीन मुक्केबाज राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दमखम दिखाएंगे। यहां के कर्ण स्टेडियम के तीन बॉक्सर स्कूल फेडरेशन गेम्स ऑफ इंडिया में प्रतिभाग करने के लिए अरुणाचल प्रदेश के इटानगर और असम के गुवाहाटी के लिए रवाना हो चुके है।
विदित हो कि सीबीएसई की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय बॉक्सिंग खेल प्रतियोगिता में जिले के सात खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण, तीन रजत व एक कांस्य पदक जीते थे। क्वालीफाईंग प्रतियोगिता महेंद्रगढ़ में 10 से 15 सितंबर तक आयोजित हुई। इसमें निकिता, समीर व एंजल ने स्वर्ण, खुशी व परिमंडल ने तीन रजत व एक कांस्य पदक जीतकर नेशनल में जगह बनाई। इस प्रतियोगिता में 28 राज्यों व छह केंद्र शासित प्रदेशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। कर्ण स्टेडियम के मुख्य कोच सुरेंद्र चौहान ने बताया कि इनमें से तीन खिलाड़ी यहां से रवाना हो चुके है। नरुखेड़ी के मयंक नरवाल अरुणाचल प्रदेश के इटानगर में 27 अक्तूबर से तीन नवंबर तक आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। एंजल समीर असम के गुवाहाटी में 28 से चार नवंबर तक चलने वाली नेशनल प्रतियोगिता में अपना प्रदर्शन करेंगे।