माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। हाईवे पर यातायात को और बेहतर बनाने के लिए एनएचएआई की ओर से मधुबन पक्का पुल स्थित आवर्धन नहर पर बने दोनों पुलों को चौड़ा किया जाएगा। सड़क का यह हिस्सा छह मार्गी (सिक्स लेन) बनेगा। इसके लिए 16 सितंबर को तकनीकी बिड होगी। इसके बाद वित्तीय बिड होने के बाद किसी एजेंसी को वर्क ऑर्डर देकर कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इसके अलावा शहर की पांच सड़कों को अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा। इसके लिए एसडीएम करनाल को ईओ नगर निगम, डीएफओ, सीएसआई, एसएचओ ट्रैफिक और रोड सेफ्टी ऑर्गेनाइजेशन सदस्यों की सहभागिता में एक कमेटी बनाकर सड़कों को चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं। यह प्रमुख निर्णय उपायुक्त अनीश यादव की अध्यक्षता में हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए।
उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग (बी. एंड आर.) के कार्यकारी अभियंता संदीप कुमार को निर्देश दिए कि पश्चिमी अंडरपास के नीचे सीसी निर्मित रास्ता बनाया जाए। दोनों ओर की करीब 200 मीटर तक अपरोच पर पक्का शेड बना दिया जाए। एक्सईएन ने बताया कि यह कार्य एक प्राइवेट एजेंसी को अलॉट हो गया है, दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। जिससे अंडरपास के नीचे जलभराव की समस्या नहीं रहेगी। इसके अलावा श्रीमद्भगवद् गीता द्वार से आगे मोड़ पर सर्विस लेन की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। एनएचएआई इसकी एनओसी देगा। इसी महीने इस काम का टेंडर जारी करके अक्तूबर में कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
बैठक में एडीसी डॉ. वैशाली शर्मा, एसडीएम करनाल अनुभव मेहता, एसडीएम असंध मनदीप कुमार, एसडीएम घरौंडा अभय जांगड़ा, आरटीए कार्यालय के उप निरीक्षक सुरेंद्र सैनी के अतिरिक्त गैर-सरकारी सदस्यों में डॉ. जेआर कालड़ा, डॉ. एलआर चौधरी, प्रमोद गुप्ता, संदीप लाठर, विपिन शर्मा, रमन मिढ्ढा व रजनीश शर्मा भी मौजूद रहे।
हर सप्ताह एक सड़क से हटेगा अतिक्रमण
उपायुक्त अनीश यादव ने जिन पांच सड़कों को चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं, उनमें खेड़ा चौक मुगल कैनाल पुलिया से एनएच-44 तक, निर्मल कुटिया से अस्पताल चौक, आंबेडकर चौक से पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, महर्षि वाल्मीकि चौक से महात्मा गांधी चौक तथा महर्षि वाल्मीकि चौक से ही राम गढ़िया चौक तक की सड़कें शामिल हो सकती हैं, क्योंकि इन सड़कों के नाम सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य संदीप लाठर ने एसडीएम को सौंपें हैं। हालांकि अंतिम निर्णय कमेटी ही करेगी। इसी सप्ताह से किसी एक सड़क को अतिक्रमण मुक्त करने की कार्रवाई शुरू होगी। सेक्टर-6 बस स्टॉप और ऐसी अन्य सड़कें जहां सूखे पेड़ खड़े हैं, नगर निगम डीएफओ से अनुमति लेकर हटाएगा। सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य प्रमोद गुप्ता ने कर्ण गेट क्षेत्र में रेहड़ियों से व्यवस्था बिगड़ने का मामला उठाया तो उपायुक्त ने एसडीएम को निर्देश दिए कि कर्ण गेट एरिया रेहड़ियों से मुक्त कराएं। इस काम की निगरानी व्यापार मंडल के सदस्य तथा ट्रैफिक इंचार्ज मिलकर करेंगे। एसडीएम को जीएम रोडवेज और एसएचओ ट्रैफिक के साथ ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु बनाने को कहा है, इसमें बस स्टैंड गेट के सामने बेतरतीब ऑटो-रिक्शा को भी किसी जगह पर खड़ी करने के लिए समाधान खोजने को कहा है।
ट्रैफिक लाइटों की टाइमिंग होगी दुरुस्त
शहर में भिन्न-भिन्न चौक पर लगी कुछ ट्रैफिक लाइटों की टाइमिंग सही नहीं है। यह मुद्दा उठने पर पुलिस अधीक्षक गंगा राम पूनिया ने एसएचओ ट्रैफिक और आरएसओ सदस्य संदीप लाठर से ऐसी लाइटों की लिस्ट देने को कहा है, जिन्हें स्मार्ट सिटी के आईसीसीसी के माध्यम से ठीक कराया जाएगा। वहीं सभी उपमंडलाधीशों को निर्देशित किया कि वह अपने-अपने क्षेत्र में एक योजना बनाकर स्कूल वाहनों को चेक करें। आरटीए सचिव सुभाष चंद्र ने बताया कि अगस्त मास में पुलिस विभाग द्वारा ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले 11 हजार 794 वाहनों का चालान कर इनके मालिकों से 38 लाख एक हजार 700 रुपये की रिकवरी की गई। वहीं, ट्रांसपोर्ट विभाग ने इस अवधि में ओवरलोड वाहनों के 608 चालान किए और उनके मालिकों से एक करोड़ 22 लाख 68 हजार 800 रुपये की वसूली की गई।