संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। सरकार की ओर से सफाई के टेंडरों में बदलाव के बाद शहर में सफाई व्यवस्था में दिक्कत आ सकती है। शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर एक साल की अवधि का टेंडर होता था। अब सरकार सीधे पांच साल का टेंडर करने की तैयारी कर रही है। नगर पालिका की ओर से सफाई के लिए दो टेंडर किए हुए हैं, जिनकी अवधि समाप्त होने वाली है।
शुक्रवार को नगरपालिका चेयरमैन हैप्पी लक गुप्ता ने अधिकारियों व पार्षदों की बैठक बुलाकर इस पर चर्चा की। बताया गया कि नगर पालिका में शहर की सफाई के डोर टू डोर के साथ साथ दो अन्य टेंडर किए हैं। एक टेंडर की अवधि समाप्त हो चुकी है। दूसरे टेंडर की अवधि अगले माह समाप्त हो जाएगी। इससे शहर में सफाई व्यवस्था में दिक्कत आ सकती है। सफाई व्यवस्था के लिए नगर पालिका सचिव रवि प्रकाश शर्मा सहित पार्षदों ने सुझाव दिए। चेयरमैन ने निर्देश दिए कि टेंडरों की सभी प्रकिया पूरी करके सरकार को भेजें। उसके बाद करनाल की जिला निगम आयुक्त से मुलाकात कर टेंडर प्रक्रिया को शीघ्र लागू करवाने की मांग करेंगे।