माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। शनिवार की रात आठ बजे, आसमान पर छाए घने बादलों के बीच कई क्षेत्रों की बिजली गुल हो गई। अंधेरा छा गया, लेकिन आवासीय इलाकों में इसका प्रभाव कम ही दिखा। कुछ सरकारी भवनों की भी अंदर की लाइटें जलती रहीं।
ऑपरेशन शील्ड के तहत शनिवार को जिला प्रशासन ने रात आठ बजे से 8.15 बजे तक ब्लैक आउट का आह्वान किया था। जिसके तहत ठीक आठ बजे सरकारी भवनों, बाजारों आदि की बिजली गुल हो गई। ब्लैक आउट तो हुआ, कई क्षेत्रों में अंधेरा छाया लेकिन बीच बीच में कुछ इलाकों में लाइटें जलती रहीं। मौसम खराब होने के कारण कई इलाकों की तो बिजली ही कटी थी। सरकारी कार्यालयों की बाहरी लाइटें भी आठ बजे बंद कर दी गई। हालांकि लघु सचिवालय के एक भवन में अंदर की बिजली जलती रही। आवासीय क्षेत्रों में अधिक घरों की बिजली ज्यों की त्यों ही जलती रही।