करनाल में कांग्रेस और भाजपा के आला नेताओं पर टिप्पणियों का मामला अब हरियाणा की गलियों में भी गूंजने लगा है। दोनों पक्षों के नेता एक-दूसरे पर कडे़ कटाक्ष कर रहे हैं।
करनाल में शनिवार को यह मामला पूरी तरह खुलकर सामने आ गया। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने भाजपा को ‘मोजा’ बताया तो भाजपा के प्रदेश मंत्री चंद्रप्रकाश कथूरिया भी कह गए कि देश में चार राज्यों में होने वाले चुनाव में भाजपा का यह मोजा कांग्रेस के मुंह पर पड़ने वाला है।
बयान पर अडिग हूं : कुलदीप
सर्किट हाउस में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने पत्रकाराें को बताया कि भाजपा को रबड़ की जूती कहने के अपने बयान पर वे अडिग हैं। उन्होंने व्यंग्य करते हुए मीडिया के सामने कहा कि भाजपा को इससे दिक्कत है तो वे जूती के बजाय मोजा का प्रयोग करते हैं, जो किसी के पैर में भी पहना जा सकता है।
इस पर भी एतराज है तो बेल मान लिया जाए। इसके साथ ही शर्मा ने अपने शब्दों में सुधार करते हुए कहा कि भाजपा किसी बेल की तरह है, जो बिना सहारे के ऊपर नहीं चढ़ सकती। पत्रकारों के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी को भी अपनी भाषा में सुधार करना चाहिए।
राहुल शहजादा नहीं, शहीदजादा
उन्होंने कहा कि मोदी राहुल गांधी को शहजादा कहते हैं। राहुल शहजादा नहीं, शहीदजादा हैं। उनके पिता राजीव गांधी, दादी इंदिरा गांधी ने देश के लिए शहादत दी है। उनके नाना जवाहरलाल नेहरू ने देश के लिए काम किया है। मोतीलाल नेहरू ने देश को सींचा है।
प्रधानमंत्री को मोदी पप्पू कहते हैं। नरेंद्र मोदी को पूरे देश के सामने सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए। इसके बाद वे विचार करेंगे। भाजपा के राज्य अध्यक्ष रामबिलास शर्मा को अपना बड़ा भाई बताते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा रामबिलास से बड़ा धोखा करने वाली है।
उन्हें सावधान हो जाना चाहिए। भाजपा कभी इनेलो के साथ दिखती है तो कभी हजकां के साथ और कभी बसपा के साथ। भाजपा का कोई जनाधार नहीं है। इनेलो की कुरुक्षेत्र रैली में भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी को भेजा गया। इसके मायने लोग समझते हैं।
घोषणाएं जल्द होंगी पूरी
कुलदीप शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा जो घोषणा करते हैं, उन्हें लागू करने के लिए एक्शन प्लान पहले ही तैयार कर लेते हैं। गोहाना रैली में हुई तमाम घोषणाएं एक जनवरी से लागू हो जाएंगी। मुख्यमंत्री कह चुके हैं कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव अपने समय पर होंगे।
कुलदीप शर्मा ने उनके करनाल लोकसभा से चुनाव लड़ने की बात को यह कहकर विराम दे दिया कि वे गन्नौर विधानसभा से लडे़ंगे। उन्होंने कहा कि करनाल से उन्हें लगाव है। उनके पिता पंडित चिंरजीलाल शर्मा करनाल से सांसद रहे। उनका घर भी करनाल में है।
करनाल के विकास की उन्हें चिंता है। घरेलू हवाई अड्डे के साथ करनाल में एविएशन के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर का विश्वविद्यालय बनाया जाना चाहिए। इसके साथ ही कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में पैरा मेडिकल स्टाफ के लिए भी संस्थान बनाया जाना चाहिए।
भाजपा बोली, मुंह पर पड़ेगा मोजा
शनिवार को ही भाजपा के प्रदेश मंत्री चंद्रप्रकाश कथूरिया ने पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि कुलदीप शर्मा अपने विधानसभा अध्यक्ष पद की गरिमा भूल गए हैं। अगर वे भाजपा को मोजा कहते हैं तो यह मोजा चार राज्यों के चुनाव में कांग्रेस के मुंह पर पड़ने वाला है।
कांग्रेस बौखला चुकी है। स्पीकर का यह नहीं पता कि वह भाजपा में है या फिर कांग्रेस में। उन्हें भाजपा के राज्य अध्यक्ष से धोखा होने की बात कांग्रेस में होते पता नहीं चल सकती। नरेंद्र मोदी पूरे देश की जनता के सामने बोलते हैं। वे कोई असभ्य शब्द प्रयोग नहीं करते।
ऐसा करते तो देश के लोगों के दिल में उनके प्रति प्रेम नहीं होता। गोहाना रैली में जो घोषणाएं की गईं हैं, वे चुनावी आहट के कारण की गईं हैं। कोई घोषणा पूरी नहीं होनी। चुनाव होते ही सब भूल जाएंगे। सीएम ने यह भी नहीं जाना घोषणाओं को पूरा करने के लिए बजट कहां से आएगा।
पिछले नौ साल के शासन में कुछ नहीं हुआ तो अब भी नहीं हो सकता। स्थानीय विधायक पर कटाक्ष करते उन्होंने कहा कि थोथी बयानबाजी मीडिया के सामने करने से फायदा नहीं। वे लोगों में पहुंचतीं जरूर हैं लेकिन विकास तो कुछ नहीं करवाती। कल्पना चावला मेडिकल यूं ही पड़ा है।
हाईवे के पुल चालू करवाने और अंडरब्रिज खुलवाने के मामले में कभी जनता का पक्ष नहीं रखा। कभी अधिकारियों से बात तक नहीं की। लोगों अब गुमराह होने वाले नहीं हैं।