- बाइक पर गांधी नगर जाते समय ट्रक ने मारी टक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। नरुखेड़ी लाडो धाम के पास ट्रक ने बाइक पर सवार नाना-नानी और दोहते को टक्कर मार दी। जिससे नानी और दाेहते की मौत हो गई वहीं नाना गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर ट्रक को छोड़कर चालक फरार हो गया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
गांव बसताड़ा निवासी 24 वर्षीय अमनदीप, अपने नाना सेवाराम और नानी राजकली के साथ जुंडला से शहर के गांधी नगर जा रहा था। जैसे ही नरुखेड़ी गांव के लाडो धाम के पास पहुंचे तो पीछे आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में अमनदीप और राजकली सड़क पर गिर गए। जिनके ऊपर से ट्रक का पहिया गुजर गया। राहगीरों ने लहूलुहान हालत में घायलों को उपचार के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां युवक और उसकी नानी को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि नाना का उपचार चल रहा है। पीड़ित परिजनों ने जुंडला चौकी में आरोपी चालक के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस ने बताया कि युवक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था और रविवार को छुट्टी पर अपने नाना-नानी के घर पर आया हुआ था। नानी व दोहते की मौत से परिवार में मातम का माहौल है।