कुरुक्षेत्र में बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने जिला जेल में एक मोबाइल और चार्जर फेंक दिया।
युवकों ने मौके से फरार होने का प्रयास किया, लेकिन इनमें से एक मौके पर ही दबोच लिया गया।
दूसरे फरार आरोपी के नाम, पते की जानकारी पुलिस को मिल चुकी है। जेल में बंद जिस व्यक्ति के लिए यह मोबाइल फेंका गया था, वह नशीली वस्तु रखने के आरोप में जेल में है।
उधर इसी जेल में एक अन्य कैदी से मोबाइल बरामद हुआ है। बहरहाल पुलिस ने इन दोनों मामलों में जिला जेल के लाइन आफिसर राजेश कुमार की शिकायत पर आरोपियों खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायकर्ता अधिकारी के अनुसार ज्योतिनगर निवासी निशान खान पुत्र सलीम खान और थानेसर के छोटा बाजार निवासी सुशील कुमार ने रात के समय जेल परिसर में एक मोबाइल एवं उसका चार्जर फेंका। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने एक आरोपी निशान खान को मोटरसाइकिल सहित काबू कर लिया, जबकि उसका दूसरा साथी सुशील कुमार भागने में कामयाब हो गया।
पुलिस चौकी सेक्टर-7 के प्रभारी जगदीश चंद्र एवं सहायक उप निरीक्षक रतन सिंह ने कार्रवाई करते हुए गिरफ्त में आए आरोपी निशान खान से पूछताछ की।
पुलिस के समक्ष पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पिता सलीम खान कुरुक्षेत्र जेल में बंद हैं और उसके लिए मैने मोबाइल जेल परिसर में फेंक दिया था।
इस घटनाक्रम के दौरान प्रयोग में लाई गई सप्लेंडर मोटरसाइकिल, सैमसंग कंपनी का मोबाइल और उसका चार्जर पुलिस ने बरामद कर लिया है। वहीं घटना के बाद फरार हुए निशान सिंह के साथी सुशील कुमार की तलाश जारी है।
एक अन्य कैदी से मोबाइल बरामद
जिला जेल से चेकिंग के दौरान एक अन्य कैदी शिवकुमार के कब्जे से एक मोबाइल बरामद किया। थाना शहर थानेसर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
यह कार्रवाई जिला जेल के लाइन आफिसर राजेश कुमार की शिकायत पर हुई। उन्होंने बताया कि जेल परिसर से चेकिंग के दौरान शिव कुमार उर्फ सन्नी के कब्जे से एक मोबाइल बरामद हुआ है। थाना शहर थानेसर में मामला दर्ज कर सेक्टर 7 चौकी इंचार्ज ने जांच शुरू की।