घोघड़ीपुर फाटक के समीप ट्रेन से टकरा जाने के कारण एक 18 वर्षीय बाइक
सवार युवक की मौत हो गई। उसका दूसरा साथी बुरी तरह घायल हो गया। घायल को
कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर में उपचार दिया जा रहा है।
दुर्घटना
शुक्रवार रात में करीब नौ बजे के बाद हुई।
बताया जा रहा है कि गांव मूनक
निवासी भारत भूषण अपने ही बीमार पड़ोसी अमनदीप को दवा दिलाकर गांव लौट रहा
था। घोघड़ीपुर फाटक के पास फाटक बंद होने के कारण वह लोग फाटक के साथ से
साथ से लाइन पार कर रहे थे। तेज रफ्तार से गुजर रही शताब्दी एक्सप्रेस से
वह लोग टकरा गए।
ट्रेन ने बाइक पर सवार दोनों लोगों को काफी दूर फेंक दिया।
दुर्घटना की सूचना गेट मैन ने एंबुलेंस सेवा को दी और रेलवे स्टेशन पर
सूचना भेजी। जीआरपी के कर्मियों के पहुंचने से पूर्व ही एंबुलेंस सेवा
के कर्मचारियों ने दोनों लोगों को उठाकर मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर
पहुंचाया। चिकित्सकों ने भारत भूषण को मृत घोषित कर दिया। उसके दूसरे साथी
अमनदीप को उपचार दिया जा रहा है। थाना जीआरपी के अनुसार इस मामले में
इत्तेफाकिया घटना की कार्रवाई की गई है।